पीएम मोदी की अपील पर सीएम योगी सख्त; मंत्रियों के काफिले में 50% कटौती, हफ्ते में 2 दिन WFH

इस सरकारी आदेश में सरकारी बैठकों, सेमिनार और वर्कशॉप को ज्यादा से ज्यादा ऑनलाइन करने को कहा गया है। बड़े संस्थानों में हफ्ते में दो दिन वर्क फ्रॉम होम लागू करने की एडवाइजरी जारी होगी।

Sachin Hari Legha

नई दिल्ली: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश के लोगों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान से जुड़ने को कहा है। उन्होंने ईंधन की खपत घटाने और गैर-जरूरी सोना खरीदने से बचने की अपील की। मुख्य सचिव, डीजीपी और सभी विभागों के अफसरों के साथ बैठक में योगी ने कई बड़े फैसले लिए। सबसे बड़ा कदम मंत्रियों और खुद उनके काफिले से 50% गाड़ियां तुरंत हटाने का है।

पब्लिक ट्रांसपोर्ट और वर्चुअल मीटिंग पर जोर 

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार इस सरकारी आदेश में सरकारी बैठकों, सेमिनार और वर्कशॉप को ज्यादा से ज्यादा ऑनलाइन करने को कहा गया है। बड़े संस्थानों में हफ्ते में दो दिन वर्क फ्रॉम होम लागू करने की एडवाइजरी जारी होगी। मुख्यमंत्री ने मेट्रो, पीएनजी, रोडवेज बस, कार पूलिंग, साइक्लिंग और ईवी के इस्तेमाल को बढ़ावा देने पर जोर दिया।

नेताओं के लिए 'नो व्हीकल डे' 

मंत्री, सांसद, विधायक और जनप्रतिनिधियों से हफ्ते में एक दिन पब्लिक ट्रांसपोर्ट इस्तेमाल करने और 'नो व्हीकल डे' मनाने की अपील की गई है। वहीं आदेश में स्कूल-कॉलेजों में बसों का इस्तेमाल बढ़ाने और जरूरत पर रोडवेज बसें जोड़ने को कहा गया। दफ्तरों का समय अलग-अलग बैच में बांटकर पीक ऑवर में ईंधन बचाने का सुझाव दिया गया।

रात 10 बजे के बाद सजावटी लाइटें बंद 

बिजली बचाने के लिए सरकारी और निजी संस्थानों में फिजूल बिजली खर्च रोकने के निर्देश दिए गए हैं। दुकानों और कॉम्प्लेक्स में रात 10 बजे के बाद सजावटी लाइटों का कम से कम इस्तेमाल करने को कहा गया।

विदेश यात्रा से बचें, यूपी में करें पर्यटन 

अगले छह महीने तक गैर-जरूरी विदेश यात्राओं से बचने और देश में ही घूमने की सलाह दी गई है। यूपी में डेस्टिनेशन वेडिंग, हेरिटेज टूरिज्म, ईको टूरिज्म और 'विजिट माई स्टेट' अभियान को बढ़ावा मिलेगा।

कम तेल वाला खाना, स्वदेशी उपहार 

ओडीओपी और जीआई टैग उत्पादों को गिफ्ट के तौर पर इस्तेमाल कर स्वदेशी को बढ़ावा देने की बात कही गई। खाने में तेल का इस्तेमाल कम करने, हेल्दी डाइट अपनाने और पोषण अभियान चलाने के निर्देश हैं। होटल, ढाबा और रेस्तरां यूनियनों से बात कर कम तेल वाले खाने को प्रमोट किया जाएगा।

खेती और सोलर पर फोकस 

कृषि विभाग को नेचुरल फार्मिंग और गोशालाओं के गोबर का इस्तेमाल बढ़ाने को कहा गया। प्रदेश में पीएनजी नेटवर्क बढ़ाने और पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत रूफटॉप सोलर लगाने पर जोर दिया जाएगा।

MP में भी काफिला छोटा 

गौरतलब है कि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के काफिले में अब 13 की जगह सिर्फ 8 गाड़ियां रहेंगी। गाड़ियों का क्रम भी तय कर दिया गया है।

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो