गाजियाबाद में बैंक मैनेजर ने छुट्टी देने से किया इनकार, गार्ड ने सीने में गोली मार उतारा मौत के घाट
गाजियाबाद के लोनी बॉर्डर इलाके में पंजाब एण्ड सिंध बैंक की शाखा में तैनात गार्ड ने बैंक मैनेजर को गोली मार दी, जिससे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. घटना के बाद आरोपी गार्ड फरार हो गया है और पुलिस उसकी तलाश में कई टीमों के साथ जांच कर रही है.

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है. लोनी बॉर्डर क्षेत्र स्थित पंजाब एंड सिंध बैंक की एक शाखा में तैनात सुरक्षा गार्ड ने बैंक मैनेजर को गोली मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई. घटना के बाद आरोपी गार्ड मौके से फरार हो गया, जिसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है.
कब की घटना?
पुलिस के अनुसार यह घटना सोमवार दोपहर करीब दो बजे हुई. बैंक में तैनात गार्ड रविंद्र हुड्डा अचानक मैनेजर अभिषेक शर्मा के केबिन में पहुंचा. बताया जा रहा है कि वहां पहुंचते ही उसने अपनी बंदूक से सीधे मैनेजर के सीने पर गोली चला दी. अचानक हुई इस वारदात से बैंक में मौजूद कर्मचारी और ग्राहक घबरा गए. गोली चलने की आवाज सुनकर सभी लोग हड़बड़ा गए, लेकिन जब तक कोई कुछ समझ पाता आरोपी गार्ड वहां से भाग चुका था.
घटना के तुरंत बाद बैंक कर्मचारियों ने घायल मैनेजर को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया. डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन गंभीर चोट लगने के कारण इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. इस घटना के बाद बैंक कर्मचारियों और आसपास के लोगों में डर और तनाव का माहौल बन गया है.
प्रारंभिक जांच में क्या सामने आया?
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी गार्ड और बैंक मैनेजर के बीच पिछले कुछ समय से छुट्टी को लेकर विवाद चल रहा था. पुलिस का कहना है कि इसी बात को लेकर दोनों के बीच तनाव बढ़ गया था और आशंका जताई जा रही है कि गुस्से में आकर गार्ड ने यह खौफनाक कदम उठाया. हालांकि पुलिस अभी इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और अन्य संभावित कारणों को भी खंगाला जा रहा है.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी गार्ड रविंद्र हुड्डा मूल रूप से बागपत जिले का रहने वाला है. घटना के बाद वह मौके से फरार हो गया. मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने इलाके में जांच शुरू कर दी और आरोपी की तलाश के लिए कई टीमें गठित की गई हैं.
इस मामले पर पुलिस अधिकारी ज्ञान प्रकाश ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. संभावित ठिकानों पर पुलिस टीमों को भेजा गया है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा. फिलहाल पुलिस घटना के हर पहलू की जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि हत्या के पीछे असली वजह क्या थी और घटना से जुड़े सभी तथ्यों को स्पष्ट किया जा सके.


