सुहागरात पर छूते ही दूल्हे को घोंप दिया चाकू, घर के सभी लोगों को किया बेहोश, फिर चाचा के साथ...
यूपी के हाथरस से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक दुल्हन ने सुहागरात के दिन दुल्हे पर चाकू से हमला कर दिया और अपने प्रेमी चाचा के साथ घर के ज्वेलरी और नकदी लेकर फरार हो गई. जिस समय वह घर से भागी, उस वक्त घर के अन्य सभी लोग बेहोश थे.

हाथरस : उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले की नगला बस्ती से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. जहां सात जन्मों के बंधन में बंधने आई एक दुल्हन ने खुशियों भरे घर को मातम और सन्नाटे में बदल दिया. शादी के महज तीन दिनों के भीतर ही दुल्हन ने न केवल दूल्हे की जान लेने की कोशिश की, बल्कि पूरे परिवार को बेहोश कर अपने प्रेमी चाचा के साथ फरार हो गई. इस घटना ने न केवल पुलिस को बल्कि स्थानीय समाज को भी हैरान कर दिया है.
सुहागरात की खौफनाक वारदात
आपको बता दें कि शादी 21 फरवरी को हुई थी और 22 को दुल्हन अपने ससुराल पहुंची. सुहागरात के वक्त जब दूल्हा खुशी-खुशी अपनी पत्नी के करीब गया, तो दुल्हन का व्यवहार अचानक बदल गया. उसने दूल्हे को दूर रहने की चेतावनी दी और चिल्लाई कि "या तो मैं मर जाऊंगी या मार दूंगी." इससे पहले कि दूल्हा कुछ समझ पाता, दुल्हन ने अचानक चाकू निकाल लिया और उस पर हमला कर दिया. इस हमले में दूल्हे का हाथ कट गया और वह लहूलुहान हो गया.
अलग खटिया पर सोकर बिताई रात
अगली सुबह पीड़ित दूल्हे ने अपनी घायल अवस्था में दुल्हन के मायके वालों को फोन किया. मौके पर दुल्हन की मां, चाची और वही प्रेमी चाचा आए जिसे लेकर बाद में वह फरार हुई. मायके वालों ने मामले को गंभीरता से लेने के बजाय इसे नई शादी की घबराहट बताकर टाल दिया. वे समझाकर चले गए, लेकिन दूल्हा इतना डर गया था कि उसने अगली रात अपनी पत्नी से अलग खटिया पर सोकर बिताई. उसे अंदेशा नहीं था कि आगे क्या होने वाला है.
खाने में मिलाया नशीला पदार्थ
शादी के तीसरे दिन दुल्हन ने अपनी साजिश को अंतिम रूप दिया. उसने रात के खाने में बड़ी चतुराई से कोई नशीला पदार्थ मिला दिया. परिवार के सभी सदस्यों ने जब खाना खाया, तो वे एक-एक कर गहरी नींद में सोने लगे और बेहोश हो गए. दूल्हा भी उसी जहरीले खाने का शिकार होकर बेसुध हो गया. घर में सन्नाटा पसरते ही दुल्हन ने अलमारी की चाबियां ढूंढीं और अपना असली खेल शुरू किया.
जेवर और नकदी की लूट
बेहोश परिवार के बीच दुल्हन ने पूरे घर की तलाशी ली. वह अपने साथ ससुराल से मिले सोने-चांदी के लाखों रुपये के जेवरात और नकदी लेकर चंपत हो गई. सुबह जब परिवार वालों की नींद खुली, तो वे खुद को भारी और बीमार महसूस कर रहे थे. घर का सामान बिखरा हुआ था और दुल्हन गायब थी. काफी खोजबीन के बाद पता चला कि वह घर का कीमती सामान लेकर जा चुकी है.
चाचा के साथ प्रेम-प्रसंग
जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि दुल्हन का अपने सगे चाचा के साथ ही काफी समय से प्रेम-प्रसंग चल रहा था. वह शादी के लिए तैयार नहीं थी और उसने यह पूरी साजिश केवल भागने के लिए रची थी. वह अपने प्रेमी चाचा के साथ बाइक पर सवार होकर फरार हो गई. पीड़ित पति की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और अब दोनों की तलाश में छापेमारी की जा रही है.


