हमीरपुर में बड़ा हादसा: आंधी-तूफान में बेतवा नदी पर बन रहा पुल गिरा, 6 मजदूरों की मौत
उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में तेज आंधी-तूफान के बीच बड़ा हादसा हो गया. बेतवा नदी पर बन रहा निर्माणाधीन पुल अचानक गिर पड़ा, जिसमें कई मजदूर मलबे में दब गए. हादसे में 6 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई लोगों को बचाने के लिए SDRF और पुलिस का रेस्क्यू अभियान जारी है.

हमीरपुर: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में शुक्रवार देर रात तेज आंधी और तूफान के बीच बड़ा हादसा हो गया. बेतवा नदी पर बन रहा एक निर्माणाधीन पुल अचानक भरभराकर गिर पड़ा, जिसके नीचे कई मजदूर दब गए. हादसे में अब तक छह मजदूरों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है.
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही पुलिस, SDRF और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया. यह पुल लालपुर थाना क्षेत्र में बन रहा था, जो मोराकंदर और कुरारा की मवाईजार को जोड़ने वाला था.
आंधी-तूफान बना हादसे की वजह
बताया जा रहा है कि देर रात आए तेज तूफान और आंधी के कारण पुल का स्लैब अचानक गिर गया. हादसे के समय वहां कई मजदूर काम कर रहे थे, जो मलबे में दब गए. प्रशासन को आशंका है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है.
यह पुल राज्यसभा सांसद बाबूराम निषाद के प्रयासों से स्वीकृत हुआ था. इसका निर्माण उनके पैतृक गांव मोरकंदर परसानी के पास कराया जा रहा था.
SDRF और पुलिस चला रही रेस्क्यू अभियान
हमीरपुर के ASP अरविंद कुमार वर्मा ने घटना को दुखद बताते हुए कहा, “निर्माणाधीन पुल जबरदस्त तूफान के कारण गिर गया और छह मजदूरों की जान चली गई. उन्होंने कहा कि पुलिस को शुक्रवार की रात करीब 2 बजे सूचना मिली थी कि पुल का एक स्लैब गिर गया है, जिसके नीचे कुछ लोग फंसे हुए हैं. घटनास्थल पर तुरंत पहुंचते ही पुलिस और स्थानीय लोगों ने राहत-बचाव कार्य शुरू किया. अभी भी तीन लोग खंभे पर फंसे हुए हैं. उन्हें बचाने के लिए SDRF और हमारी टीम बचाव कार्य में जुटी हुई है. मलबे में फंसे छह लोगों में से पांच की पहचान कर ली है. हम स्लैब को हटाकर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लेंगे.”
हादसे में इन मजदूरों की हुई मौत
- लोकेंद्र (22) और कुलदीप निषाद (22), निवासी चिल्ला थाना, बांदा
- सावंत यादव (28) और सभाजीत (30), निवासी भूरागढ़, बांदा
- पुष्पेंद्र सिंह चौहान (34), निवासी स्वासा खुर्द थाना क्षेत्र, लालपुर हमीरपुर
- राजेश पाल (42), निवासी अचपुरा थाना क्षेत्र, लालपुर
पिलर पर फंसे 3 मजदूर
- अवधेश निषाद, निवासी भूरागढ़ बांदा
- कल्लू यादव, निवासी भूरागढ़ बांदा
- राजेश निषाद, निवासी नरैनी बांदा


