शादी से घंटों पहले महिला सिपाही का अपहरण, तमंचा दिखाकर उठा ले गया बदमाश...बारात करती रह गई इंतजार

शादी से एक दिन पहले महिला सिपाही को अगवा करने की खबर सामने आई है. मेरठ की रहने वाली महिला सिपाही की शादी रविवार को होनी थी, हालांकि एक दिन पहले ही अचानक से गायब हो गई.

Sonee Srivastav

मेरठ: यूपी के मेरठ जिले में एक चौंकाने वाली घटना ने पुलिस और स्थानीय लोगों में हड़कंप मचा दिया है. यहां शादी से महज कुछ घंटे पहले एक महिला सिपाही का अपहरण हो गया. आरोप है कि बदमाशों ने तमंचा दिखाकर उसे जबरन उठा लिया. यह मामला मवाना थाना क्षेत्र के अकबरपुर सादात गांव का है, जहां महिला सिपाही की शादी रविवार को तय थी.

शादी की तैयारियों के बीच दुल्हन गायब 

महिला सिपाही 2020 बैच की कांस्टेबल है और अलीगढ़ साइबर क्राइम में तैनात है. उसकी बारात मुजफ्फरनगर के मीरापुर क्षेत्र के खेड़ी सराय गांव से आनी थी. दूल्हा भी पुलिस में ही तैनात है. शादी की सारी तैयारियां हो चुकी थी, मेहमान पहुंच चुके थे, लेकिन शनिवार शाम को महिला सिपाही अचानक गायब हो गई.

परिवार ने बताया कि बदमाश ढिकौली गांव के ठाकुर अंकित चौहान ने तमंचे के बल पर उसे उठाकर ले गया. आरोपी पर पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह हिस्ट्रीशीटर है. महिला सिपाही के पिता ने अंकित के खिलाफ अपहरण की तहरीर दी, जिस पर मुकदमा दर्ज हो गया.

दो स्पेशल टीमों का हुआ गठन 

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई. एसएसपी मेरठ अविनाश पांडे ने तुरंत एसपी देहात अभिजीत कुमार को निर्देश दिए. क्षेत्राधिकारी मवाना पंकज लवानिया को जांच सौंपी गई. दो स्पेशल टीमें गठित की गई, साथ ही एसटीएफ और एसओजी को भी लगाया गया.

उच्चाधिकारियों ने महिला सिपाही की जल्द सकुशल बरामदगी पर जोर दिया. थाना प्रभारी प्रतिभा सिंह ने उच्चाधिकारियों को पूरी जानकारी दी और जांच शुरू कर दी.

सिपाही की आरोपी से है पहले से पहचान 

क्षेत्राधिकारी पंकज लवानिया ने बताया कि महिला सिपाही और आरोपी अंकित चौहान पहले से परिचित थे. महिला करीब 25 साल की बालिग है. उसने परिवार को फोन कर कहा कि वह अपनी मर्जी से जा रही है, चिंता न करें.

इसके बावजूद परिवार की शिकायत पर केस दर्ज किया गया. पुलिस दोनों की तलाश में जुटी है. मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा लगता है, लेकिन जांच जारी है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag