यूपी STF का बड़ा एक्शन, कानपुर का 1 लाख का इनामी बदमाश आसिफ एनकाउंटर में ढेर, कई जिलों की पुलिस को थी तलाश

उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर जिले में यूपी एसटीएफ और अपराधियों के बीच हुई एक भीषण मुठभेड़ में एक लाख रुपये का इनामी बदमाश मारा गया है. मारे गए अपराधी की शिनाख्त कानपुर निवासी आसिफ के रूप में हुई है.

calender

लखनऊ: उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स को आज एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है. अंबेडकरनगर जिले के बेवाना थाना क्षेत्र अंतर्गत जगदीशपुर के पास हुई एक भीषण मुठभेड़ में एसटीएफ ने एक लाख रुपये के इनामी कुख्यात बदमाश आसिफ को मार गिराया. इस दौरान दोनों ओर से हुई ताबड़तोड़ फायरिंग में एसटीएफ का एक जांबाज सिपाही भी गोली लगने से जख्मी हो गया है. घायल सिपाही को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है.

बदमाश आसिफ एनकाउंटर में ढेर

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, मारा गया अपराधी आसिफ मूल रूप से कानपुर का निवासी था. उसके खिलाफ प्रदेश के अलग-अलग जिलों में हत्या, लूट और रंगदारी जैसे दो दर्जन से अधिक संगीन आपराधिक मामले दर्ज थे. वह लंबे समय से एसटीएफ की रडार पर चल रहा था. जिसे आज घेराबंदी के बाद ढेर कर दिया गया.

दो लोगों की हत्या करी थी

नोएडा के एडिशनल सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस राजकुमार मिश्रा ने बताया कि आसिफ पुलिस के लिए लंबे समय से एक बड़ी मुसीबत बना हुआ था. उन्होंने बताया कि 2014 में आसिफ और उसके साथियों ने जौनपुर में एक घर में डकैती के दौरान दो लोगों की हत्या कर दी थी.

100,000 रुपये का इनाम घोषित किया था

एडिशनल सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस के मुताबिक, आसिफ छैमार गैंग का लीडर था, जिसके खिलाफ कई क्रिमिनल केस दर्ज थे. जौनपुर पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए 100000 रुपये का इनाम घोषित किया था. पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी, लेकिन वह सालों से गिरफ्तारी से बचता रहा और फरार रहा. फिलहाल, पुलिस एनकाउंटर वाली जगह से सबूत इकट्ठा कर रही है और मामले की आगे की जांच कर रही है.

आसिफ के खिलाफ 21 से ज्यादा मामले दर्ज

आसिफ के खिलाफ 21 से ज्यादा मामले दर्ज थे। पुलिस ने आसिफ के पास से .32 बोर की पिस्तौल, 12-बोर की 'पौनियां' (छोटी की हुई शॉटगन), भारी मात्रा में कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की. वह और उसका गैंग लोगों को उनके घरों में बंधक बनाकर लूटपाट करते थे और विरोध करने पर किसी की भी हत्या कर देते थे. उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान में उसके खिलाफ लूट और लूट के दौरान हत्या जैसे 21 से ज्यादा मामले दर्ज थे. First Updated : Tuesday, 07 July 2026