मसूरी के बाला हिसार क्षेत्र में स्थित बाबा बुल्ले शाह की मजार को नुकसान पहुंचाए जाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में कुछ युवक मजार को तोड़ते हुए और धार्मिक नारे लगाते नजर आ रहे हैं, जिसके बाद शहर में एक बार फिर तनाव का माहौल बन गया है. इस वायरल वीडियो के सामने आने के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस हरकत में आ गई है.
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले भी इसी मजार को लेकर विरोध प्रदर्शन हुआ था. उस समय कुछ संगठनों ने धरना-प्रदर्शन किया था, जिसके बाद प्रशासन के हस्तक्षेप से स्थिति नियंत्रित हो गई थी और जांच शुरू की गई थी. हालांकि, JBT इस वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है, लेकिन ताजा वीडियो ने एक बार फिर शांति व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है.
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में मजार को क्षति पहुंचाते हुए युवक दिखाई दे रहे हैं. वीडियो सामने आने के बाद शहर में तनाव की स्थिति बन गई है. पुलिस प्रशासन ने वीडियो की सत्यता और उसमें शामिल लोगों की पहचान की जांच शुरू कर दी है.
बाबा बुल्ले शाह समिति के अध्यक्ष रजत अग्रवाल ने बताया कि मजार को नुकसान पहुंचाया गया है. उनके अनुसार, मजार की सभी लाइटें तोड़ दी गई हैं और यह घटना बेहद निंदनीय है. उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग जानबूझकर शहर का माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं.
इस मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, जिसके लिए कोतवाली में तहरीर दी जा रही है. उन्होंने पुलिस और प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठाते हुए इसे प्रशासनिक निष्क्रियता का परिणाम बताया. समिति अध्यक्ष का कहना है कि वीडियो में लगाए जा रहे धार्मिक नारे किसी संगठित समूह की ओर इशारा करते हैं.
मसूरी के क्षेत्राधिकारी (सीओ) ने बताया कि मजार को नुकसान पहुंचाए जाने की सूचना मिली है. उन्होंने कहा कि फिलहाल किसी आरोपी की पहचान नहीं हो पाई है और मामले की गहन जांच की जा रही है. वीडियो की सत्यता की भी पड़ताल की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे. First Updated : Sunday, 25 January 2026