बाबा नीम करौली के दरबार में भक्तों का जनसैलाब, स्थापना दिवस पर कैंचीधाम में उमड़ी भीड़

बाबा नीम करौली महाराज के स्थापना दिवस पर कैंची धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. देश के अलग-अलग राज्यों के साथ-साथ विदेशों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचे हैं. सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की लंबी कतारें लगी हुई हैं.

Shraddha Mishra

नैनीताल: उत्तराखंड की खूबसूरत पहाड़ियों के बीच बसे प्रसिद्ध कैंची धाम में आज श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है. बाबा नीम करौली महाराज के स्थापना दिवस के अवसर पर देश के अलग-अलग राज्यों के साथ-साथ विदेशों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचे हैं. सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की लंबी कतारें लगी हुई हैं और पूरा वातावरण भजन, कीर्तन और जयकारों से गूंज रहा है. श्रद्धालु बाबा के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए उत्साहित नजर आ रहे हैं. सुबह करीब नौ बजे तक लगभग 25 हजार श्रद्धालु दर्शन कर चुके थे और महाप्रसाद ग्रहण कर चुके थे.

कैंची धाम में पहुंचने वाले भक्त बाबा नीम करौली महाराज के चरणों में माथा टेककर अपने और परिवार के सुख, शांति तथा समृद्धि की कामना कर रहे हैं. मंदिर परिसर में चल रहे विशाल भंडारे में हजारों श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण कर रहे हैं. हर ओर श्रद्धा और आस्था का माहौल दिखाई दे रहा है.

बाबा के चमत्कारों की कहानियां आज भी हैं जीवंत

कैंची धाम केवल पूजा-अर्चना का केंद्र नहीं है, बल्कि बाबा नीम करौली महाराज से जुड़ी कई अद्भुत कथाओं का भी साक्षी माना जाता है. मंदिर से जुड़े लोगों के अनुसार, एक बार यहां आयोजित बड़े भंडारे में घी समाप्त हो गया था और तत्काल उसकी व्यवस्था करना संभव नहीं था.

कहा जाता है कि उस समय बाबा ने अपने भक्तों को पास की नदी से तीन कनस्तर पानी लाने का निर्देश दिया. श्रद्धालुओं का विश्वास है कि जब वह पानी कड़ाहियों में डाला गया तो वह घी के समान उपयोगी हो गया और भंडारा बिना किसी रुकावट के चलता रहा. बाद में जब घी की व्यवस्था हो गई तो बाबा ने मुस्कुराते हुए उसे वापस नदी में अर्पित करने को कहा. यह प्रसंग आज भी भक्तों के बीच चर्चा का विषय बना रहता है.

भविष्यवाणी की चर्चा भी बनी आकर्षण का केंद्र

बाबा नीम करौली महाराज से जुड़े अनुयायी बताते हैं कि उन्होंने वर्षों पहले कहा था कि एक समय ऐसा आएगा जब यहां श्रद्धालुओं की भीड़ इतनी बढ़ जाएगी कि लोग चींटियों की तरह इस धाम में आते दिखाई देंगे. आज कैंची धाम में उमड़ रही विशाल भीड़ को देखकर कई लोग उनकी इस बात को याद करते हैं.

आस्था का अनोखा केंद्र बना कैंची धाम

आज कैंची धाम से सामने आ रही तस्वीरें केवल एक धार्मिक आयोजन की नहीं हैं, बल्कि करोड़ों लोगों की उस आस्था का प्रतीक हैं जो बाबा नीम करौली महाराज के प्रति वर्षों से बनी हुई है. श्रद्धालुओं का मानना है कि बाबा के दरबार में आने वाला कोई भी भक्त निराश नहीं लौटता और यही विश्वास हर साल लाखों लोगों को यहां खींच लाता है.

प्रशासन ने किए विशेष इंतजाम

श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन और मंदिर समिति ने व्यापक व्यवस्थाएं की हैं. सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है. वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी स्वयं मौके पर मौजूद रहकर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं ताकि दर्शन के लिए आने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो