हल्द्वानी: उत्तराखंड के हल्द्वानी में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां विदेश से पढ़ाई करके लौटा एक युवक महिलाओं के अंडरगारमेंट्स चोरी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया. पुलिस पूछताछ में आरोपी ने दावा किया कि वह मानसिक तनाव से गुजर रहा था और इस तरह की हरकत से उसे अजीब तरह की संतुष्टि मिलती थी.
घटना 19 जून की रात नवाबी रोड क्षेत्र की बताई जा रही है. एक महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि रात करीब 3:23 बजे एक अज्ञात व्यक्ति उनके घर की दीवार फांदकर अंदर घुसा और बाहर सूख रहे महिलाओं के कपड़े, जिनमें अंडरगारमेंट्स और सलवार शामिल थे, चोरी कर ले गया. पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल भी हुई.
शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की. सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी की पहचान की गई और उसे पंचायत घर रोड इलाके से गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस के अनुसार, आरोपी विदेश में पढ़ाई कर चुका है और कोरोना महामारी के दौरान भारत लौटा था.
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम निकेत सिंह बिष्ट बताया. उसने स्वीकार किया कि एक दोस्त की सलाह पर उसने यह हरकत शुरू की थी. आरोपी ने कहा कि उसे ऐसा करने से तनाव से राहत और मानसिक संतुष्टि महसूस होती थी.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं लगती. उस पर क्लेप्टोमेनिया जैसी मानसिक समस्या का असर हो सकता है, जिसमें व्यक्ति बिना जरूरत चीजें चुराने की आदत विकसित कर लेता है.
एसएसपी ने साफ कहा है कि महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली ऐसी हरकतों को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी. First Updated : Thursday, 25 June 2026