बैंककर्मी ने किया शोषण, सदमे में युवती ने पुलिस के सामने उठाया आत्महत्या का कदम

उत्तरखंड से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवती ने तीन पुलिसकर्मियों के सामने फ्लाईओवर से कूदकर आत्महत्या करने की कोशिश की है.

Sachin Hari Legha

उत्तराखंड: उत्तरखंड से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवती ने तीन पुलिसकर्मियों के सामने फ्लाईओवर से कूदकर आत्महत्या करने की कोशिश की है. बता दें, यह घटना ऊधम सिंह नगर के रुद्रपुर सामने आई है, जहां युवती हाथ में एक पोस्टर लेकर फ्लाईओवर पर जान देने पहुंची थी. लेकिन युवती ने क्यों उठाया ऐसा कदम और क्या है पूरा मामला चलिए जानते है. 
 

क्या है पूरा मामला 

युवती ने आरोप लगाया कि बैंक के एक कर्मचारी ने उसका शोषण किया और जब वह गर्भवती हो गई, तो उसने उसकी ज़िम्मेदारी लेने से इनकार कर दिया. इसके बाद, जब वह शिकायत दर्ज कराने के लिए पुलिस के पास गई, तो पुलिस ने उसकी शिकायत दर्ज करने के बजाय, उससे ही पूछताछ शुरू कर दी और उसे घंटों तक थाने में ही रोककर रखा. इतना ही नहीं युवती का यह भी आरोप है कि पुलिस ने आरोपी को चाय-पानी पिलाकर वापस भेज दिया जबकि उसे बार-बार थाने बुलाकर परेशान किया गया. 

पीड़िता ने आए बताया कि 7 अप्रैल की रात युवक उसके घर आया और शादी का झूठा झांसा देकर जबरदस्ती उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए, जिसके परिणामस्वरूप वह गर्भवती हो गई. जब युवती ने उस पर शादी करने का दबाव डाला, तो वह बात टालने लगा. युवती का आरोप है कि उस युवक ने उसे धमकी दी और चेतावनी दी कि अगर वह उस पर दबाव डालना जारी रखेगी, तो वह उसे जान से मार सकता है.

पुलिस ने नहीं लिया कोई एक्शन 

युवती ने कहा, "मैंने 16 तारीख को आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई थी. मुझे फोन करके पुलिस स्टेशन बुलाया गया। मैं सुबह से शाम तक पुलिस स्टेशन में बैठी रही और आखिरकार घर लौट आई. हालांकि इस दौरान आरोपी एक बार भी स्टेशन पर नहीं आया. पुलिस बस उसे चाय-नाश्ता कराकर जाने देती है, जबकि मुझे पूरे दिन वहां इंतज़ार करने के लिए कहती है. 

मैं उसी की वजह से प्रेग्नेंट हुई और अब वह दावा कर रहा है कि यह बच्चा उसका नहीं है. जब मैंने उससे मुझे डॉक्टर के पास ले जाने के लिए कहा, तो उसने पलटकर जवाब दिया कि जब बच्चा उसका है ही नहीं तो वह मुझे कहीं क्यों ले जाए? उसने मुझसे कहा कि जहां मेरा मन करे, मैं वहां चली जाऊं और साथ ही यह कहा कि मैं उसका कुछ भी बिगाड़ नहीं सकती."

युवती ने आगे बताया कि "मैं पुलिस के पास 16 अप्रैल को गई थी और आज 2 मई हो गई है और मुझे बस इसी तरह चक्कर कटवाए जा रहे हैं. आरोपी के साथ मैं पिछले 7 साल से रह रही थी और वह आरोपी हमारा पड़ोसी है. उसने पुलिस से कहा कि मैं देहरादून घूमने जा रहा हूं और पुलिस ने उसे आसानी से जाने दिया, जबकि वह आरोपी है."

उचित कार्रवाई का दिया भरोसा 

इसके बाद पुलिस ने उस महिला से संपर्क किया और उसे समझाने-बुझाने की कोशिश की, लेकिन वह अपनी बात पर अड़ी रही. इसके बाद, पुलिस उसे जबरदस्ती अपने साथ ले गई. CO सिटी प्रशांत कुमार ने बताया कि यह घटना शनिवार को हुई थी. युवती की शिकायत को गंभीरता से लिया जा रहा है और मामले की जांच की जाएगी। उसे यह आश्वासन भी दिया गया है कि इस मामले को लेकर उचित कार्रवाई भी की जाएगी.
 

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो