सिंगर राहुल फाजिलपुरिया के इवेंट ऑर्गेनाइजर सौरव यादव पर जानलेवा हमला, सिक्योरिटी गार्ड गंभीर रूप से घायल
शनिवार को गुरुग्राम के पॉश सेक्टर 40 इलाके में बॉलीवुड सिंगर राहुल फाजिलपुरिया के इवेंट ऑर्गनाइजर सौरव यादव पर बाइक सवार दो हमलावरों ने हमला कर दिया. सौरव यादव बाल-बाल बच गए, लेकिन उनके सिक्योरिटी गार्ड कुलविंदर गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए.

गुरुग्राम: गुरुग्राम के पॉश इलाके सेक्टर-40 में शनिवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब बॉलीवुड सिंगर राहुल फाजिलपुरिया के इवेंट ऑर्गेनाइजर सौरव यादव पर जानलेवा हमला किया गया. इस हमले ने साइबर सिटी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
बताया जा रहा है कि दो बाइक सवार बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम दिया. हमले में सौरव यादव बाल-बाल बच गए, लेकिन उनके सिक्योरिटी गार्ड कुलविंदर को गोली लगने से गंभीर चोटें आई हैं और उनकी हालत नाजुक बनी हुई है.
घर के बाहर पहुंचकर की फायरिंग
जानकारी के अनुसार, सौरव यादव अपने घर पर मौजूद थे, तभी दो बाइकों पर सवार हथियारबंद युवक उनके घर के बाहर पहुंचे और हवाई फायरिंग शुरू कर दी.
गोलियों की आवाज सुनकर उनके सुरक्षाकर्मी कुलविंदर बाहर आए और बदमाशों की ओर अपनी राइफल तान दी, लेकिन इससे पहले ही हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं.
सिक्योरिटी गार्ड को लगी दो गोलियां
फायरिंग के दौरान कुलविंदर को दो गोलियां लगीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें तुरंत गुरुग्राम के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है और हालत चिंताजनक बताई जा रही है.
पहले मिल चुकी थी जान से मारने की धमकी
सूत्रों के मुताबिक, कुछ दिन पहले विदेश में बैठे गैंगस्टर दीपक नांदल ने सौरव यादव को जान से मारने की धमकी दी थी. इसी खतरे को देखते हुए गुरुग्राम पुलिस ने उन्हें दो हथियारबंद सुरक्षाकर्मी मुहैया कराए थे.
इसी बीच यह हमला हो गया, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया.
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही गुरुग्राम पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया.
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं.
गैंगवार और रंजिश के एंगल से जांच
फिलहाल पुलिस इस हमले को गैंगवार और पुरानी रंजिश के एंगल से भी जांच रही है. मामले की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं.


