पूजा के लिए तैयार थाली, मंदिर में राहुल गांधी का इंतजार करते रहे लोग, लेकिन नहीं रुका काफिला... फिर मचा हंगामा
गया में राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा के दौरान मंदिर में पूजा ना करने से स्थानीय लोग नाराज हो गए और बीजेपी के नारे लगाने लगे. यात्रा के दौरान उन्होंने चुनाव आयोग पर हमला बोलते हुए SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) को 'वोट चोरी का नया रूप' बताया.

Voter Adhikar Yatra: बिहार के गया में 'वोटर अधिकार यात्रा' के तीसरे दिन बवाल मच गया. वजीरगंज के पुनावा हनुमान मंदिर पर स्थानीय लोग राहुल गांधी का इंतजार कर रहे थे, लेकिन कांग्रेस नेता वहां नहीं रुके. पूजा-अर्चना के बाद यात्रा की शुरुआत करनी थी, लेकिन राहुल गांधी और तेजस्वी यादव का काफिला सीधे आगे निकल गया.
स्थानीय लोग राहुल गांधी के मंदिर में पूजा ना करने से नाराज हो गए और बीजेपी जिंदाबाद के नारे लगाने लगे. युवाओं का कहना है कि नेता केवल वोट लेने के लिए आते हैं, जबकि ये प्राचीन मंदिर उनके लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है.
मंदिर में पूजा ना करने से बढ़ी नाराजगी
राहुल गांधी के मंदिर में पूजा-अर्चना ना करने पर वजीरगंज के स्थानीय युवाओं में गुस्सा देखा गया. पूजा के लिए तैयार की गई थाली वहीं रह गई. काफिले के सीधे आगे बढ़ने पर लोग असंतुष्ट हो गए और नारेबाजी करने लगे. स्थानीय युवाओं ने बताया कि नेता यहां केवल वोट लेने के लिए आते हैं. हमारे लिए ये प्राचीन मंदिर बहुत महत्व रखता है.
वोटर अधिकार यात्रा: सासाराम से गया तक
राहुल गांधी और तेजस्वी यादव ने वोटर अधिकार यात्रा की शुरुआत की है. ये यात्रा रविवार को सासाराम से शुरू हुई और सोमवार को गया पहुंचने से पहले औरंगाबाद तक गई. यात्रा का उद्देश्य मतदाताओं को अपने अधिकार के प्रति जागरूक करना और चुनाव में पारदर्शिता सुनिश्चित करना बताया गया है.
चुनाव आयोग पर राहुल गांधी का हमला
यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने सोमवार को मुख्य चुनाव आयुक्त और दोनों चुनाव आयुक्तों को चेतावनी दी कि जब गठबंधन सरकार बनेगी तो 'वोट चोरी' पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि पूरा देश चुनाव आयोग से हलफनामा मांगेगा और अगर समय मिला तो हमारी पार्टी हर विधानसभा और लोकसभा क्षेत्र में 'वोट चोरी' का पर्दाफाश करेगी. आगे कहा कि जिस तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विशेष पैकेज की बात करते हैं, उसी तरह चुनाव आयोग भी बिहार के लिए एक 'नया विशेष पैकेज' लेकर आया है, जिसका नाम SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) है और ये 'वोट चोरी का एक नया रूप' है.
आपको बता दें कि राहुल गांधी 17 अगस्त से 1 सितंबर तक वोटर अधिकार यात्रा पर हैं. 16 दिनों तक चलने वाली ये यात्रा 20 से ज्यादा जिलों से होकर गुजरेगी और 1 सितंबर को पटना में एक बड़ी रैली के साथ संपन्न होगी.


