11 जुलाई का मौसम: IMD ने जारी किया कई राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

शनिवार को देशभर में मॉनसून एक बार फिर तेज हो गया है। भारतीय मौसम विभाग IMD के मुताबिक 11 जुलाई को उत्तर से लेकर दक्षिण तक कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।

calender

नई दिल्ली: शनिवार को देशभर में मॉनसून एक बार फिर तेज हो गया है। भारतीय मौसम विभाग IMD के मुताबिक 11 जुलाई को उत्तर से लेकर दक्षिण तक कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। कुछ जगहों पर 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और बिजली गिरने की भी चेतावनी है।  

उत्तर भारत: हिमाचल, उत्तराखंड और यूपी में ऑरेंज अलर्ट   

जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, यूपी और राजस्थान में हल्की से मध्यम बारिश होगी। उत्तराखंड, हिमाचल और पूर्वी यूपी में कहीं-कहीं बहुत तेज बारिश की संभावना है। हिमाचल में हालात ज्यादा खराब हैं।

लगातार बारिश से सिरमौर और सोलन के सभी स्कूल-कॉलेज और आंगनवाड़ी शुक्रवार को बंद रहे। अर्की में पहाड़ी से पत्थर गिरने से चलती कार में 2 लोग घायल हुए। कालका-शिमला हाईवे पर जगह-जगह चट्टानें गिरने से ट्रैफिक एक लेन में सिमट गया। मौसम विभाग ने भूस्खलन और अचानक बाढ़ का अलर्ट जारी किया है।  

उत्तर प्रदेश में भी IMD ने ऑरेंज अलर्ट दिया है। पिछले 24 घंटे में मेरठ के मवाना में 315 मिमी, जानसठ में 270 मिमी और मुजफ्फरनगर में 213 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। सीएम योगी ने अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर 24 घंटे में नुकसान का आकलन कर मुआवजा देने को कहा है।  

उत्तराखंड के देहरादून समेत 7 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट है। कई जिलों में 12वीं तक स्कूल बंद हैं। हरिद्वार के भगवानपुर में बरसाती नदी में डूबने से 18 साल के किशोर की मौत हो गई। नैनीताल में पेड़ गिरने से 2 लोग घायल हुए। यमुनोत्री हाईवे समेत 118 सड़कें बंद हैं।  

मध्य, पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत: उफान पर नदियां    

मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, विदर्भ, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और ओडिशा में बारिश जारी रहेगी। बिहार, बंगाल और सिक्किम में कुछ जगह भारी बारिश हो सकती है।  

अरुणाचल, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी तेज बरसात के आसार हैं। गरज-चमक और तेज हवाओं के कारण नदियों का जलस्तर बढ़ सकता है और निचले इलाकों में पानी भर सकता है।  

पश्चिम और दक्षिण भारत: तटीय इलाकों में सावधानी  

गोवा, गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, तटीय कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, तेलंगाना, आंध्र, रायलसीमा और आंतरिक कर्नाटक में हल्की से मध्यम बारिश होगी। कुछ जगह भारी बारिश भी संभव है। तटीय इलाकों में तेज हवाओं के साथ समुद्र में ऊंची लहरें उठ सकती हैं। मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने देश के कई हिस्सों में आकाशीय बिजली और जलभराव को लेकर लोगों से सतर्क रहने को कहा है।   First Updated : Friday, 10 July 2026