पहलगाम आतंकी हमले और ऑपरेशन सिंदूर पर हालिया बयान को लेकर उठे विवाद पर कांग्रेस सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री पी. चिदंबरम ने तीखी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि ट्रोल्स अलग-अलग किस्म के होते हैं और उनके झूठ फैलाने के अपने-अपने तरीके होते हैं. सबसे खतरनाक ट्रोल वो होता है जो पूरे इंटरव्यू को दबा देता है, उसमें से दो वाक्य चुनता है, कुछ शब्दों को म्यूट करता है और फिर बोलने वाले को बदनाम करता है.
ये प्रतिक्रिया बीजेपी के आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय की एक पोस्ट पर आई है, जिसमें उन्होंने चिदंबरम के एक इंटरव्यू की क्लिप साझा कर कांग्रेस पर पाकिस्तान को 'क्लीन चिट' देने का आरोप लगाया था.
पी. चिदंबरम की जिस क्लिप को लेकर विवाद खड़ा हुआ है, वो उनके एक इंटरव्यू का हिस्सा है. इस वीडियो में चिदंबरम कहते सुने जा सकते हैं- अब तक आपने हमलावरों को पकड़ा क्यों नहीं? आपने उनकी पहचान क्यों नहीं बताई? इस बयान को लेकर भाजपा ने कांग्रेस पर सवाल खड़े कर दिए.
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने अब तक दो स्थानीय लोगों को गिरफ्तार किया है, जिन पर आतंकियों की मदद करने का आरोप है. एजेंसी का कहना है कि हमले में शामिल आतंकी पाकिस्तानी नागरिक थे, लेकिन उनकी पहचान को 'उचित समय' तक गुप्त रखा गया है. इसी संदर्भ में चिदंबरम ने जानकारी के टुकड़ों में आने और हमलावरों की पहचान को लेकर चुप्पी पर सवाल उठाए हैं.
बीजेपी नेता अमित मालवीय ने रविवार रात X पर इंटरव्यू का छोटा सा हिस्सा पोस्ट किया और आरोप लगाया कि कांग्रेस और चिदंबरम पाकिस्तान को क्लीन चिट दे रहे हैं. उन्होंने लिखा कि यह कांग्रेस की वही पुरानी नीति है, जिसमें वह आतंक के मुद्दे पर पाकिस्तान को कठघरे में खड़ा करने से बचती है.
राज्यसभा सांसद चिदंबरम के बयान पर उठे विवाद से पहले उनके बेटे और लोकसभा सांसद कार्ति चिदंबरम ने भी सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने लिखा- जो लोग बिना पूरी जानकारी के प्रतिक्रिया देते हैं, उनसे निवेदन है कि पहले पूरा इंटरव्यू देखें. कार्ति ने भी उस इंटरव्यू की एक क्लिप साझा की जिसमें उनके पिता आतंकियों की पहचान को लेकर सरकार की चुप्पी पर सवाल उठा रहे हैं.
सूत्रों के मुताबिक, पी. चिदंबरम मंगलवार को राज्यसभा में पहलगाम आतंकी हमला, ऑपरेशन सिंदूर और उससे जुड़ी कूटनीतिक रणनीतियों पर होने वाली बहस में हिस्सा लेंगे. लोकसभा में इसी मुद्दे पर सोमवार को चर्चा होनी है.
First Updated : Monday, 28 July 2025