अमेरिका से F-35 फाइटर जेट खरीदेगा भारत? सरकार ने संसद किया बड़ा खुलासा
भारत सरकार ने संसद में स्पष्ट किया कि F-35 लड़ाकू विमान की खरीद को लेकर अमेरिका से कोई औपचारिक बातचीत नहीं हुई है. वायुसेना ने भी इसकी पुष्टि की है. ट्रंप की घोषणा और रिपोर्टों के बावजूद भारत फिलहाल इस विकल्प पर विचार नहीं कर रहा है.

भारत सरकार ने संसद में स्पष्ट किया है कि अमेरिका के F-35 स्टील्थ लड़ाकू विमानों की खरीद को लेकर फिलहाल कोई औपचारिक बातचीत नहीं हुई है. यह जानकारी शुक्रवार को लोकसभा में पूछे गए एक सवाल के जवाब में दी गई. रक्षा राज्यमंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने बताया कि भारत और अमेरिका के बीच इस विषय पर अब तक कोई ठोस प्रस्ताव या वार्ता नहीं हुई है.
सांसद के सवाल पर आया जवाब
यह बयान सांसद बलवंत बसवंत वानखड़े द्वारा पूछे गए उस प्रश्न के जवाब में दिया गया, जिसमें उन्होंने अमेरिका से F-35 विमान खरीद को लेकर आधिकारिक प्रस्ताव की जानकारी मांगी थी. दरअसल, फरवरी 2025 में भारत और अमेरिका के बीच हुए एक संयुक्त बयान में अमेरिका ने संकेत दिया था कि वह भारत को पांचवीं पीढ़ी के लड़ाकू विमान और अंडरसी तकनीक देने की नीति पर पुनर्विचार करेगा. इसके बाद अटकलें तेज हो गई थीं कि भारत को F-35 मिल सकता है.
ट्रंप का बयान
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी फरवरी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अमेरिका यात्रा के दौरान कहा था कि अमेरिका भारत को अरबों डॉलर के रक्षा उपकरण बेचेगा और F-35 लड़ाकू विमान भी उपलब्ध कराने का रास्ता खोलेगा. उस समय ट्रंप ने व्हाइट हाउस में साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था, “हम भारत को एफ-35 देने का मार्ग प्रशस्त कर रहे हैं.”
हालांकि, इसके बाद मार्च 2025 में भारत के वायुसेना प्रमुख, एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने स्पष्ट किया कि भारत ने F-35 को लेकर न तो कोई प्रस्ताव दिया है, न ही ऐसा कोई प्रस्ताव अमेरिका से मिला है. उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय वायुसेना वर्तमान में इस विकल्प पर विचार नहीं कर रही है.
रिपोर्ट्स में दावा
एक रिपोर्ट सामने आई जिसमें दावा किया गया कि भारत ने अमेरिका को सूचित कर दिया है कि वह फिलहाल F-35 विमान खरीदने में रुचि नहीं रखता. इस रिपोर्ट के अनुसार, यह निर्णय ट्रंप द्वारा भारत पर 25% टैरिफ लगाने की घोषणा के बाद लिया गया, जिससे दोनों देशों के व्यापारिक और सामरिक रिश्तों में खटास आई है. हालांकि, इस रिपोर्ट की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
F-35 जेट: एक नजर में
F-35 को अमेरिकी कंपनी लॉकहीड मार्टिन ने विकसित किया है और इसे वर्तमान समय का सबसे उन्नत स्टील्थ फाइटर माना जाता है. इसके तीन प्रमुख संस्करण हैं:
1. F-35A: पारंपरिक रनवे से उड़ान भरने वाला वर्जन
2. F-35B: कम दूरी में टेक-ऑफ और वर्टिकल लैंडिंग की क्षमता
3. F-35C: एयरक्राफ्ट कैरियर पर आधारित संचालन के लिए डिज़ाइन किया गया मॉडल
इन विमानों की विशेषता इनकी स्टील्थ तकनीक, इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर क्षमताएं और नेटवर्क-केंद्रित युद्ध प्रणाली है.


