अहमदाबाद विमान हादसे पर विश्व स्तब्ध, ब्रिटेन सहित कई देशों ने जताई चिंता और संवेदना

Ahmedabad Plane Crash: गुजरात के अहमदाबाद में गुरुवार को एक भीषण विमान हादसे में एयर इंडिया का लंदन जा रहा बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया. इस हादसे में 242 यात्री सवार थे, जिनमें बड़ी संख्या में भारतीय और ब्रिटिश नागरिक शामिल थे. घटना के बाद दुनियाभर के नेताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया है.

Shivani Mishra
Edited By: Shivani Mishra

Ahmedabad Plane Crash: गुजरात के अहमदाबाद में गुरुवार को हुए दर्दनाक विमान हादसे ने पूरी दुनिया को झकझोर दिया. एयर इंडिया का एक बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान, जिसमें कुल 242 यात्री सवार थे, उड़ान भरने के तुरंत बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया. यह विमान लंदन की ओर जा रहा था. हादसे में बड़ी संख्या में भारतीय और ब्रिटिश नागरिक सवार थे, जिससे अंतरराष्ट्रीय समुदाय की प्रतिक्रियाएं तेजी से सामने आईं.

इस दुखद दुर्घटना के बाद विश्वभर के शीर्ष नेताओं और राजनयिकों ने शोक व्यक्त करते हुए भारत और पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं. ब्रिटेन, रूस और फ्रांस समेत कई देशों ने भारतीय सरकार और स्थानीय प्रशासन को हर संभव सहायता देने की बात कही है.

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री की संवेदना

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर दुख प्रकट करते हुए लिखा, "अहमदाबाद में एक लंदन जाने वाले विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की खबरें बेहद दिल दहला देने वाली हैं. मैं इस स्थिति की लगातार जानकारी ले रहा हूं. मेरी संवेदनाएं यात्रियों और उनके परिवारों के साथ हैं."

ब्रिटिश हाई कमीशन की त्वरित प्रतिक्रिया

भारत स्थित ब्रिटिश हाई कमीशन ने एक्स पर लिखा, "हम जानते हैं कि अहमदाबाद से लंदन जा रही एक फ्लाइट अहमदाबाद एयरपोर्ट के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई है. हम स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर स्थिति की जानकारी जुटा रहे हैं और प्रभावितों को सहायता देने की पूरी कोशिश कर रहे हैं."

ब्रिटेन के विदेश मंत्री डेविड लैमी का संदेश

ब्रिटेन के विदेश मंत्री डेविड लैमी ने भी इस दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया. उन्होंने लिखा, "भारत के अहमदाबाद में हुए भयानक विमान हादसे की खबर से दुखी हूं. मेरी संवेदनाएं सभी प्रभावितों के साथ हैं. यूके भारत के स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर स्थिति की सच्चाई जानने और सहायता प्रदान करने की दिशा में कार्य कर रहा है."

रूस ने भी जताया दुख

भारत में रूसी राजदूत ने इस घटना को “दिल दहला देने वाली” बताते हुए भारतीयों और पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की. उन्होंने कहा, "अहमदाबाद से आ रही खबरें बेहद दुखद हैं. इस भयानक दुर्घटना में मारे गए लोगों के परिजनों, भारत की जनता और सरकार के प्रति मेरी गहरी संवेदना है."

फ्रांस ने भी प्रकट की एकजुटता

फ्रांसीसी राजदूत थियरी माथू ने भी शोक जताते हुए लिखा, "अहमदाबाद में हुई विमान दुर्घटना की खबर से फ्रांस बेहद दुखी है. हमारे विचार पीड़ितों और उनके परिजनों के साथ हैं. इस कठिन समय में हम पूर्ण एकजुटता व्यक्त करते हैं."

विमान में कितने यात्री थे?

इस विमान में कुल 242 यात्री सवार थे, जिनमें से 169 भारतीय नागरिक और 53 ब्रिटिश नागरिक थे. हादसे के बाद विमान के मलबे से धुएं के गुबार उठते देखे गए, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई.

घटना के तुरंत बाद नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने एक ऑपरेशनल कंट्रोल रूम की स्थापना की है, जो राहत, बचाव और समन्वय कार्यों की निगरानी कर रहा है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो