पोखरा से काठमांडू जा रही बस त्रिशूली नदी में गिरी, 18 यात्रियों की मौत

नेपाल में भीषण सड़क हादसे में अब तक 18 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 25 यात्री घायल बताए जा रहे हैं. दुर्घटना बेनिघाट रोरांग ग्रामीण नगरपालिका-3 के चिनाधारा और चरौंडी क्षेत्र में पृथ्वी हाईवे पर हुई.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

नेपाल में एक बार फिर भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया. सोमवार तड़के करीब 1:15 बजे पोखरा से काठमांडू की ओर जा रही एक यात्री बस धादिंग जिले में त्रिशूली नदी के किनारे दुर्घटनाग्रस्त हो गई. इस हादसे में अब तक 18 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 25 यात्री घायल बताए जा रहे हैं. 

दुर्घटना कहां हुई? 

दुर्घटना बेनिघाट रोरांग ग्रामीण नगरपालिका-3 के चिनाधारा और चरौंडी क्षेत्र में पृथ्वी हाईवे पर हुई, जहां बस अचानक नियंत्रण खो बैठी और सड़क से फिसलकर लगभग 300 मीटर नीचे नदी किनारे जा गिरी. हादसे के बाद बस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हालत में पाई गई.

स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, मृतकों में छह महिलाएं और 11 पुरुष शामिल हैं, जबकि घायलों में आठ महिलाएं, 18 पुरुष और एक नाबालिग लड़की भी शामिल है. कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है, जिन्हें नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. दुर्घटना के तुरंत बाद नेपाली सेना, नेपाल पुलिस, आर्म्ड पुलिस फोर्स और स्थानीय नागरिकों ने मिलकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया. हालांकि, रात का समय, अंधेरा और दुर्गम पहाड़ी इलाका बचाव अभियान में बड़ी बाधा साबित हुआ, जिससे रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा.

प्रशासन ने क्या बताया? 

प्रशासन ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और शुरुआती जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी. फिलहाल प्राथमिक रूप से माना जा रहा है कि बस के नियंत्रण खोने और पहाड़ी सड़क की खतरनाक ढलान के कारण यह दुर्घटना हुई.

गौरतलब है कि इससे पहले 6 फरवरी को भी नेपाल के बैतडी जिले में एक बस हादसे में 13 लोगों की जान चली गई थी और 34 अन्य घायल हुए थे. वह बस बारातियों को लेकर जा रही थी, लेकिन बड़गांव मोड़ पर अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में गिर गई थी.

नेपाल में लगातार हो रहे सड़क हादसों ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. पहाड़ी इलाकों की संकरी और खराब सड़कों, तेज गति और रात में लंबी दूरी की यात्रा अक्सर दुर्घटनाओं की बड़ी वजह बनती हैं. ताजा हादसे ने एक बार फिर यह संकेत दिया है कि यदि सड़क सुरक्षा नियमों को सख्ती से लागू नहीं किया गया और बुनियादी ढांचे में सुधार नहीं हुआ, तो इस तरह की दुखद घटनाएं आगे भी जारी रह सकती हैं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag