अफगानिस्तान ने गिराया पाकिस्तानी F-16, सैनिक पकड़े जाने का दावा... VIDEO से बढ़ा तनाव
पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है. अफगान मीडिया के मुताबिक, अफगान बलों ने पाकिस्तान का एक F-16 लड़ाकू विमान मार गिराया और एक सैनिक को पकड़े जाने का दावा किया है, जबकि दोनों देशों के बीच भारी गोलीबारी जारी है.

नई दिल्ली: दक्षिण एशिया में तनाव चरम पर पहुंच गया है. पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच हालिया सैन्य टकराव ने हालात को युद्ध जैसी स्थिति में ला खड़ा किया है. अफगान मीडिया आउटलेट के मुताबिक, अफगान बलों ने अपनी हवाई सीमा का उल्लंघन करने वाले पाकिस्तान के एक F-16 लड़ाकू विमान को मार गिराया है. सोशल मीडिया पर जलते मलबे के वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं.
इसी के साथ एक अन्य वीडियो में एक पाकिस्तानी सैनिक को पकड़ने का दावा भी किया जा रहा है. दोनों देशों के दावों और जवाबी दावों ने क्षेत्रीय सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है.
पाकिस्तान के हवाई हमले
रिपोर्ट के अनुसार, शुक्रवार तड़के पाकिस्तान ने काबुल, कंधार और पक्तिका में हवाई हमले किए. पाकिस्तानी सुरक्षा अधिकारियों का कहना है कि इन हमलों में अफगान सेना के दो ब्रिगेड मुख्यालय तबाह कर दिए गए. काबुल में कम से कम तीन बड़े धमाकों की आवाज सुनी गई, जिससे स्थानीय नागरिकों में दहशत फैल गई.
Afghans celebrate after a Pakistani fighter plane was shot down.#Pakistan #Afghanistan pic.twitter.com/t3pbSoGMcO
— mr. ᴩᴀᴛʜᴀᴋ (@mr_pathakshiv) February 27, 2026
55 पाकिस्तानी सैनिक मारने का दावा
अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय ने इसे रविवार को पाकिस्तान की ओर से हुए हमलों का जवाब बताया है. अफगान प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद के अनुसार, अफगान सेना ने पाकिस्तान की 19 चौकियों और दो सैन्य अड्डों को नष्ट कर दिया. उनके दावे के मुताबिक, इस संघर्ष में 55 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए और कई को जीवित पकड़ा गया है.
बताया गया है कि अफगानिस्तान ने डूरंड लाइन के पास बड़े पैमाने पर ‘ऑफेंसिव ऑपरेशन’ शुरू किया है.
पाकिस्तान का 'ऑपरेशन गजब-लिल-हक'
पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार ने अफगान दावों को खारिज किया है. उनका कहना है कि पाकिस्तान के केवल दो सैनिक मारे गए हैं. उन्होंने दावा किया कि जवाबी कार्रवाई में 133 अफगान लड़ाके मारे गए और 200 से अधिक घायल हुए. पाकिस्तान का कहना है कि उसने बिना किसी उकसावे के किए गए हमलों का मुंहतोड़ जवाब दिया है.
शरणार्थी शिविर पर मिसाइल, नागरिक घायल
सीमा पर जारी गोलाबारी का असर आम नागरिकों पर भी पड़ा है. तोरखम सीमा के निकट एक अफगान शरणार्थी शिविर पर मिसाइल गिरने से महिलाओं और बच्चों सहित 13 लोग घायल हो गए. संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने दोनों देशों से नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और कूटनीतिक समाधान तलाशने की अपील की है.
डूरंड लाइन बना विवाद का केंद्र
दोनों देशों के बीच 2,611 किलोमीटर लंबी सीमा, जिसे डूरंड लाइन कहा जाता है, लंबे समय से विवाद का कारण रही है. अफगानिस्तान इस सीमा को आधिकारिक मान्यता नहीं देता. हाल के महीनों में तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान के हमलों और कतर की मध्यस्थता में हुए संघर्षविराम के टूटने से हालात और बिगड़ गए हैं.


