अफगानिस्तान का पाकिस्तान पर गंभीर आरोप, काबुल-कंधार में हवाई हमले में नागरिकों की मौत का दावा
अफगानिस्तान ने पाकिस्तान पर अफगान संप्रभुता का उल्लंघन करने का आरोप लगाया है. अफगानिस्तान ने दावा किया है कि पाकिस्तान ने काबुल, कंधार, पक्तिया और पक्तिका समेत कई हिस्सों पर भीषण हवाई हमले किए हैं.

नई दिल्ली: अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच तनाव रमजाम के आखिरी दिनों में चरम पर पहुंच गया है. दोनों देश एक दूसरे पर हमले कर रहे हैं. इसी बीच अफगानिस्तान ने पाकिस्तान पर अफगान संप्रभुता का उल्लंघन करने का आरोप लगाया है. अफगानिस्तान ने दावा किया है कि पाकिस्तान ने काबुल, कंधार, पक्तिया और पक्तिका समेत कई हिस्सों पर भीषण हवाई हमले किए हैं. तालिबान अधिकारियों द्वारा जारी किए गए बयान के अनुसार, इन हमलों में रिहाइशी इलाकों को निशाना बनाया गया है.
अफगानिस्तान ने दावा किया है कि हमलों में कई नागरिक घर तबाह हो गए और महिलाओं-बच्चों ने अपनी जान गवाई. तालिबान सरकार ने पाकिस्तान द्वारा कि गई इस सैन्य कार्रवाई को 'क्रूर आक्रामकता' बताते हुए अपने बयान में कहा कि, 'रमजान के अंतिम दिनों और ईद के करीब किए गए इस तरह का हमला दर्शाता है कि पाकिस्तानी शासन किसी नैतिक मूल्यों या मानवीय सिध्दांत को नहीं मानता.'
तालिबान सरकार ने पाकिस्तान के हवाई हमले को 'घिनौने अपराध' और 'खुली आक्रामकता' बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की है. इसके साथ ही अफगान प्रवक्ता ने बदले की कसम खाते हुए चेतावनी दी है कि इस क्रूरता का जवाब दिए तालिबान चुप नहीं रहेगा. जानकारी के अनुसार, पाकिस्तान विमानों ने कुछ अन्य स्थानों पर खाली रेगिस्तानों और निर्जन क्षेत्रों में भी बमबारी की है.
फ्यूल डिपो को बनाया निशाना
वहीं, मिडिल ईस्ट में जारी ईरान-इजरायल जंग के कारण आए तेल संकट के बीच पाकिस्तान ने अफगानिस्तान को बड़ा झटका भी दिया. पाकिस्तानी विमान ने कंधार हवाई अड्डे के पास स्थित एक निजी एयरलाइन 'काम एयर' को भी निशाना बनाया. बता दें कि ये कंपनी सिविल एयरलाइनों के साथ संयुक्त राष्ट्र के विमानों को भी ईंधन उपलब्ध कराती थी.
दोनों देशों के बीच भारी तनाव
बता दें कि पाकिस्तान द्वारा की गई ये एयरस्ट्राइक इस कड़ी में पहली घटना नहीं है. दोनों देशों के बीच बीते कुछ समय से भयानक जंग छिड़ी हुई है. हाल ही में पाकिस्तान द्वारा अफगानिस्तान के विभिन्न शहरों पर किए गए हवाई हमले को लेकर पाकिस्तान के सूचना मंत्री का भी बयान सामने आया.
पाकिस्तानी सूचना मंत्री ने आधिकारिक तौर पर दावा किया था कि पाकिस्तान द्वारा किया गया हवाई हमला अफगान तालिबान सरकार के सैन्य ठिकानों (Military Bases) को निशाना बनाकर किया गया था. इसके बाद अफगान सरकार ने बयान जारी करते हुए दावा किया कि पाकिस्तानी एयरस्ट्राइक का मुंहतोड़ जवाब दिया है.


