जंग का डर, बाज़ार में हाहाकार… लेकिन भारत ने विदेशी मुद्रा भंडार में कर दिया धमाका

ईरान-इज़राइल युद्ध के तनावपूर्ण माहौल के बीच भारत ने आर्थिक मोर्चे पर शानदार प्रदर्शन किया है. आरबीआई की रिपोर्ट के अनुसार, देश का विदेशी मुद्रा भंडार 8 महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया है. वहीं पाकिस्तान के फॉरेक्स रिजर्व में भी मामूली बढ़त दर्ज की गई है.

Dimple Yadav
Edited By: Dimple Yadav

पिछले सात दिन केवल भारत ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के लिए आर्थिक अस्थिरता से भरे रहे. ईरान और इज़राइल के बीच बढ़ते युद्ध ने वैश्विक शेयर बाजारों और फाइनेंशियल असेट्स को भारी दबाव में ला दिया. विदेशी निवेशकों के बीच डर का माहौल बना, जिससे उभरती अर्थव्यवस्थाएं भी प्रभावित हुईं. ऐसे माहौल में भारत ने न केवल स्थिरता दिखाई, बल्कि विदेशी मुद्रा भंडार (फॉरेक्स रिजर्व) के मोर्चे पर दमदार वापसी करते हुए पूरी बाजी पलट दी.

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, 13 जून को समाप्त सप्ताह में भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में 2.29 अरब डॉलर (करीब 20 हजार करोड़ रुपये) की बढ़ोतरी दर्ज की गई. इसके बाद भारत का कुल फॉरेक्स रिजर्व 698.95 अरब डॉलर तक पहुंच गया, जो सितंबर 2024 के बाद का सबसे ऊंचा स्तर है. इससे पहले 6 जून को समाप्त सप्ताह में यह आंकड़ा 5.17 अरब डॉलर की बढ़त के साथ 696.65 अरब डॉलर था. यानी सिर्फ दो हफ्तों में भारत के फॉरेक्स रिजर्व में कुल 7.46 अरब डॉलर का इजाफा हुआ है.

गोल्ड और करेंसी रिजर्व में भी मजबूती

सिर्फ फॉरेन करेंसी ही नहीं, बल्कि भारत के गोल्ड रिजर्व में भी इजाफा देखा गया. गोल्ड रिजर्व 42.8 करोड़ डॉलर बढ़कर 86.32 अरब डॉलर तक पहुंच गया. फॉरेन करेंसी असेट्स में 1.74 अरब डॉलर की वृद्धि हुई, जो अब 589.43 अरब डॉलर हैं. इसके अलावा स्पेशल ड्रॉइंग राइट्स (SDR) 8.5 करोड़ डॉलर बढ़कर 18.76 अरब डॉलर हो गए, जबकि IMF के पास भारत का आरक्षित भंडार 4.3 करोड़ डॉलर की बढ़त के साथ 4.45 अरब डॉलर पर पहुंच गया.

पाकिस्तान के लिए तस्वीर कुछ और

पड़ोसी देश पाकिस्तान की स्थिति तुलनात्मक रूप से कमजोर बनी हुई है. चीनी मीडिया सिन्हुआ के अनुसार, 13 जून को समाप्त सप्ताह में पाकिस्तान के फॉरेक्स रिजर्व में सिर्फ 46 मिलियन डॉलर की मामूली बढ़ोतरी हुई. स्टेट बैंक ऑफ पाकिस्तान (SBP) के अनुसार, उसका कुल भंडार अब 11.72 अरब डॉलर है, जबकि कमर्शियल बैंकों सहित कुल तरल विदेशी भंडार 17 अरब डॉलर तक ही पहुंच सका है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag