खामनेई की फोटो से जलाई थी सिगरेट, अब सुप्रीम लीडर की मौत का जश्न मनाते हुए वीडियो वायरल

अमेरिका-इज़रायल के संयुक्त हमले में अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद ईरान में 40 दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित हुआ है. कुछ शहरों में जश्न के दृश्य भी सामने आए, जबकि सरकार ने सुरक्षा कड़ी कर दी है और तनाव बढ़ गया है.

calender

ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की अमेरिका-इजरायल के संयुक्त हमले में मौत की खबर ने दुनिया भर में तीखी प्रतिक्रियाएं पैदा कर दी हैं. जहां ईरान के भीतर शोक और सुरक्षा सख्ती का माहौल है, वहीं कुछ स्थानों पर विरोध और जश्न के दृश्य भी सामने आए हैं. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और अलग-अलग शहरों से आई तस्वीरों ने इस घटनाक्रम को और सुर्खियों में ला दिया है. 

इस दौरान वो महिला एक बार फिर सामने आई है, जिसका कुछ समय पहले खामेनेई की फोटो जलाकर उससे सिगरेट जलाने का एक वीडियो वायरल हुआ था. खामेनेई की मौत के बाद उसका एक नया वीडियो सामने आया है. नए वीडियो में वह ईरान सरकार के खिलाफ आयोजित एक रैली में जश्न मनाती नजर आ रही हैं.

एक्स पर किया पोस्ट

खामेनेई की मौत के बाद कनाडा में रहने वाली मोर्टिसिया एडम्स नाम की इस महिला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर किया. उसने कनाडा से ही ईरान सरकार के खिलाफ हो रही रैली में जश्न मनाते हुए वीडियो बनाया. मोर्टिसिया एडम्स खुद को ईरानी शरणार्थी बताती हैं. इस वीडियो में उसने लिखा कि 'मैंने कहा था कि हम तुम्हारी कब्र पर नाचेंगे, है ना?'

तेहरान के आसपास अलग-अलग प्रतिक्रियाएं

राजधानी तेहरान के पास करज शहर में कुछ लोगों ने गाड़ियों के साथ सड़कों पर निकलकर हॉर्न बजाए. कई इलाकों में बालकनियों से तेज संगीत और आतिशबाजी की खबरें भी आईं. फुलादशहर, बोराजजान और ममासानी जैसे शहरों में भीड़ जुटने और नारे लगाने की सूचना मिली. शिराज और आबादान में देर रात तक लोग सड़कों पर मौजूद रहे.
कुछ नागरिकों का कहना है कि लंबे समय से चले आ रहे शासन के बाद अब देश में बदलाव की उम्मीद जगी है. हालांकि दूसरी ओर बड़ी संख्या में लोग इस घटना को राष्ट्रीय क्षति मान रहे हैं.

ईरान में शोक और सख्ती

28 फरवरी को तेहरान में हुए हवाई हमले में खामेनेई के आधिकारिक परिसर को निशाना बनाया गया था. उसी दौरान 86 वर्षीय ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई. सरकार ने पूरे देश में 40 दिनों के राष्ट्रीय शोक और सात दिन की सार्वजनिक छुट्टी की घोषणा की है. सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं. 

तेहरान समेत प्रमुख शहरों में अतिरिक्त सुरक्षाबल तैनात किए गए हैं. किसी भी तरह की अशांति को रोकने के लिए निगरानी बढ़ा दी गई है. घटनाक्रम के बाद ईरान ने इज़रायल पर पलटवार करने का दावा किया है. साथ ही, कुछ रिपोर्ट्स में सात देशों में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमलों की बात भी कही गई है. First Updated : Sunday, 01 March 2026