डोनाल्ड ट्रंप ने अगले हफ्ते इजराइल के पीएम को व्हाइट हाउस बुलाया! कहा नेतन्याहू जानते हैं कि बॉस कौन है

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि इज़राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू व्हाइट हाउस में मुलाकात करना चाहते हैं। ये बैठक अगले हफ्ते हो सकती है।

calender

नई दिल्ली: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि इज़राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू व्हाइट हाउस में मुलाकात करना चाहते हैं। ये बैठक अगले हफ्ते हो सकती है। ट्रंप ने शनिवार को Axios से बात करते हुए कहा कि दोनों के रिश्ते "बहुत अच्छे" हैं और नेतन्याहू "जानते हैं कि बॉस कौन है"।  

"हमारे रिश्ते बहुत अच्छे हैं"   

फोन पर छोटे इंटरव्यू में ट्रंप ने खुद की तरफ इशारा करते हुए कहा, "हमारे संबंध बहुत अच्छे हैं। [नेतन्याहू] जानते हैं कि बॉस कौन है।" ट्रंप के मुताबिक नेतन्याहू ने ही व्हाइट हाउस में मीटिंग की गुज़ारिश की थी।

ये मुलाकात NATO समिट से लौटने के बाद हो सकती है। हालांकि एक इज़राइली अधिकारी ने कहा कि ट्रंप का शेड्यूल टाइट है। 7-8 जुलाई को उनका तुर्की में NATO समिट का दौरा भी है। इसलिए तारीख आगे-पीछे हो सकती है।  

इज़राइल PMO ने भी शुक्रवार को हुई फोन बातचीत की पुष्टि की। उस दौरान नेतन्याहू ने ट्रंप को अमेरिका के 250वें स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। बयान में कहा गया, "PM ने कहा कि अमेरिका वैश्विक आज़ादी का गारंटर है। इज़राइल दोनों देशों के करीबी रिश्तों को महत्व देता है। दोनों नेता जल्द अमेरिका में मिलने पर सहमत हुए।"  

फरवरी के बाद पहली आमने-सामने मुलाकात   

अगर ये मीटिंग होती है तो फरवरी के बाद दोनों की ये पहली आमने-सामने बात होगी। फरवरी में व्हाइट हाउस के सिचुएशन रूम में हुई मीटिंग में नेतन्याहू ने ईरान के खिलाफ संयुक्त सैन्य अभियान का प्रस्ताव रखा था।  

रिपोर्ट: रिश्तों में तनाव की खबरें  

हालांकि पर्दे के पीछे सब ठीक नहीं बताया जा रहा। Axios की रिपोर्ट के अनुसार पिछले कुछ महीनों में ट्रंप के करीबी लोग नेतन्याहू को लेकर संशय में हैं। एक अमेरिकी अधिकारी ने कहा, "ट्रंप के कई करीबी सलाहकार मानते हैं कि बीबी हर मामले में गलत थे।" 

रिपोर्ट में दावा है कि पिछले महीने फोन पर ट्रंप ने लेबनान में इज़राइल की कार्रवाई पर नेतन्याहू को फटकार लगाई थी। यहां तक कि उन्हें "पागल" तक कहा और एहसान न मानने का आरोप लगाया।  

ट्रंप ने नेतन्याहू की आपत्तियों के बावजूद ईरान के साथ युद्धविराम बढ़ाने और नई परमाणु बातचीत के लिए मेमोरेंडम पर साइन किया। उन्होंने नेतन्याहू से लेबनान में सैन्य कार्रवाई सीमित करने और दक्षिणी लेबनान से वापसी का समझौता करने को भी कहा।  

ईरान और खामेनेई पर ट्रंप का बयान   

ट्रंप ने ये भी बताया कि वो ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर अली खामेनेई के अंतिम संस्कार पर नजर रख रहे थे। उन्होंने दावा किया कि युद्ध के पहले दिन अमेरिका-इज़राइल के संयुक्त ऑपरेशन में खामेनेई मारे गए थे।  

ट्रंप ने कहा, "ईरान समझौते के लिए गिड़गिड़ा रहा है। वे बातचीत चाहते हैं। हम एक शॉट में सब खत्म कर सकते थे, लेकिन फिर बातचीत किससे करते?"  
उन्होंने अंतिम संस्कार में भीड़ देखकर हैरानी जताई और कहा, "मुझे लगा था लोग खामेनेई से नफरत करते हैं। शायद ये झूठे आंसू थे।"   First Updated : Saturday, 04 July 2026