ट्रंप का निराला अंदाज: जन्मदिन पर व्हाइट हाउस बनेगा अखाड़ा, UFC फाइटर्स लड़ाने का है प्लान
यह तैयारियां 14 जून को होने वाले UFC इवेंट के लिए हैं, जो ट्रंप के 80वें जन्मदिन पर आयोजित होगा। लोग इसे ट्रंप के नवाबी शौक से जोड़कर देख रहे हैं। जैसे पुराने दौर में राजा जन्मदिन पर पहलवानों की कुश्ती करवाते थे, वैसा ही नजारा अब व्हाइट हाउस में दिखेगा।

नई दिल्ली: अमेरिका का राष्ट्रपति भवन व्हाइट हाउस अब एक नई वजह से सुर्खियों में है। दुनिया के बड़े फैसलों का गवाह रहा यह ऐतिहासिक स्थान अब UFC फाइट का मैदान बनेगा। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस के बड़े लॉन में विशाल केज फाइट एरीना बनवा दिया है। मंगलवार, 26 मई 2026 को वहां बड़ी-बड़ी क्रेन लोहे के ढांचे लगाती दिखीं।
यह तैयारियां 14 जून को होने वाले UFC इवेंट के लिए हैं, जो ट्रंप के 80वें जन्मदिन पर आयोजित होगा। लोग इसे ट्रंप के नवाबी शौक से जोड़कर देख रहे हैं। जैसे पुराने दौर में राजा जन्मदिन पर पहलवानों की कुश्ती करवाते थे, वैसा ही नजारा अब व्हाइट हाउस में दिखेगा।
ट्रंप ने कहा 'ऐसा पहले कभी नहीं हुआ'
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार इस महीने की शुरुआत में ओवल ऑफिस में हुए एक कार्यक्रम में ट्रंप ने कहा था, "हम एक बहुत बड़ी फाइट कराने जा रहे हैं। ऐसा पहले कभी नहीं हुआ, और शायद फिर कभी नहीं होगा।" उस दौरान उनके साथ इवेंट में हिस्सा लेने वाले चार फाइटर भी मौजूद थे।
ट्रंप ने UFC के मशहूर ऑक्टागन की तस्वीर भी दिखाई। यह आठ कोनों वाला फाइटिंग रिंग होता है जिसके चारों तरफ लोहे की जाली लगी होती है। तस्वीर में पीछे व्हाइट हाउस और आसपास दर्शकों के बैठने की व्यवस्था नजर आ रही थी।
4500 लोग लॉन में, 1 लाख बाहर देखेंगे मैच
रिपब्लिकन नेता ट्रंप का कहना है कि करीब 4500 लोग सीधे लॉन में बैठकर मैच देख पाएंगे। वहीं व्हाइट हाउस के बाहर बड़ी स्क्रीन लगाई जाएंगी, जहां करीब 1 लाख लोग फ्री में मुकाबला देख सकेंगे।
ट्रंप खुद UFC के बड़े फैन हैं और कई इवेंट्स में जा चुके हैं। इससे युवा पुरुष वोटर्स के बीच उनकी लोकप्रियता बढ़ी है, जो 2024 के अमेरिकी चुनाव में अहम माने जाते हैं।
यूएफसी फ्रीडम 250 नाम से होगा इवेंट
इस इवेंट का नाम "UFC फ्रीडम 250" रखा गया है। ट्रंप का दावा है कि यह अमेरिका के स्थापना की 250वीं सालगिरह के जश्न से जुड़ा है। मुकाबला फ्लैग डे वाले दिन होगा, जो ट्रंप का जन्मदिन भी है।
UFC ने मार्च में बताया था कि छह मुकाबलों वाले इस इवेंट की मेन फाइट में इलिया टोपुरिया और जस्टिन गेथजे भिड़ेंगे। यह लाइटवेट चैंपियनशिप मुकाबला होगा।
खर्च को लेकर उठे सवाल!
हालांकि इस इवेंट की लागत और ऐतिहासिक जगह पर आयोजन को लेकर सवाल भी उठ रहे हैं। UFC की पैरेंट कंपनी ने फरवरी में कहा था कि फाइट पर कम से कम 6 करोड़ डॉलर खर्च होंगे।
कंपनी को उम्मीद है कि कॉर्पोरेट स्पॉन्सरशिप से आधा पैसा वापस मिल जाएगा। व्हाइट हाउस का कहना है कि पूरा खर्च UFC उठा रही है। एक अधिकारी ने बताया, "टैक्स देने वालों का एक भी डॉलर इस्तेमाल नहीं किया जा रहा।"


