अमेरिकी राजनीति में फिर गरमाया एपस्टीन मामला, पेशी के दौरान हिलेरी क्लिंटन ने ट्रंप पर किया पलटवार

पूर्व विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने हाउस कमेटी के सामने कहा कि उनका जेफरी एपस्टीन से कभी कोई संबंध नहीं रहा. उन्होंने ट्रंप समेत अन्य अधिकारियों की गवाही की मांग की और जांच को राजनीतिक बताया.

Shraddha Mishra

नई दिल्ली: अमेरिका की राजनीति में एक बार फिर जेफरी एपस्टीन का मामला सुर्खियों में है. इस बार पूर्व विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन को अमेरिकी हाउस की कमेटी के सामने पेश होकर सफाई देनी पड़ी. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि उनका जेफरी एपस्टीन से कभी कोई संबंध नहीं रहा और उसके आपराधिक मामलों के बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है. एपस्टीन से जुड़े दस्तावेजों और उसके प्रभावशाली संपर्कों को लेकर वाशिंगटन में लंबे समय से बहस चल रही है.

रिपब्लिकन नेतृत्व वाली अमेरिकी हाउस ओवरसाइट कमेटी सेक्स ट्रैफिकिंग कांड और एपस्टीन के नेटवर्क की जांच कर रही है. इसी सिलसिले में हिलेरी क्लिंटन को समन भेजा गया था. कमेटी को शक था कि उनके पास मामले से जुड़ी कोई अहम जानकारी हो सकती है. न्यूयॉर्क के चैपक्वा से दिए गए अपने बयान में हिलेरी ने कहा कि उन्होंने पहले भी स्पष्ट किया था कि उन्हें न तो एपस्टीन के कामकाज की जानकारी है और न ही उसकी सहयोगी घिस्लेन मैक्सवेल से जुड़ी किसी गतिविधि का ज्ञान है.

'मैंने कभी मुलाकात नहीं की'

हिलेरी क्लिंटन ने दोहराया कि उन्हें याद नहीं कि उन्होंने कभी एपस्टीन से मुलाकात की हो. उन्होंने कहा कि उन्होंने न तो उसके निजी विमान में सफर किया और न ही उसके द्वीप, घर या कार्यालय का दौरा किया. उन्होंने कहा कि उनके पास इस मामले में जोड़ने के लिए कुछ भी नहीं है. उनका यह भी कहना था कि कमेटी का रुख राजनीतिक रूप से प्रेरित लग रहा है.

ट्रंप पर साधा निशाना

सुनवाई के दौरान हिलेरी ने आरोप लगाया कि इस जांच का इस्तेमाल पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और एपस्टीन के बीच कथित संबंधों से ध्यान हटाने के लिए किया जा रहा है. उन्होंने सांसदों से मांग की कि जांच निष्पक्ष होनी चाहिए और ट्रंप से सीधे उनके एपस्टीन के साथ संबंधों के बारे में सवाल किए जाने चाहिए.

हिलेरी क्लिंटन ने यह भी कहा कि मामले से जुड़े सभी दस्तावेज सार्वजनिक किए जाने चाहिए, लेकिन पीड़ितों की पहचान और सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जाए. उन्होंने विदेश मंत्री मार्को रुबियो और अटॉर्नी जनरल पैम बॉन्डी का नाम लेते हुए कहा कि जरूरत पड़े तो उन्हें भी कमेटी के सामने गवाही देनी चाहिए.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag