71 Palestinians killed in Gaza: गाजा पट्टी के सबसे बड़े शहर गाजा सिटी पर इजरायली सेना की कार्रवाई लगातार जारी है. गुरुवार रात हुई भारी बमबारी में 16 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हुए, वहीं, पूरे गाजा क्षेत्र में इजरायली हमलों से कुल 71 लोगों के मारे जाने की पुष्टि हुई है.
रिपोर्टों के अनुसार, गाजा के दक्षिणी हिस्से में स्थित राहत वितरण केंद्र पर भोजन लेने पहुंचे लोगों पर भी गोलीबारी की गई, इस हमले में चार नागरिकों की मौत हो गई, जबकि 27 घायल हो गए. इजरायली सेना का कहना है कि उनका अभियान हमास और उससे जुड़े संगठनों की संरचना को खत्म करने तक जारी रहेगा.
अक्टूबर 2023 से अब तक गाजा में चल रही इस कार्रवाई में 62 हजार से अधिक लोगों की जान जा चुकी है. मृतकों में बड़ी संख्या महिलाओं और बच्चों की है. इसके साथ ही खाद्य आपूर्ति पर लगे प्रतिबंधों के कारण भूख और कुपोषण से 317 लोगों की मौत हुई है, जिनमें 121 बच्चे शामिल हैं.
गाजा सिटी में इजरायल ने बड़े पैमाने पर अभियान शुरू किया है. बीते दिनों सेना के टैंक शहर की सीमाओं में घुस गए और गोलाबारी कर खाली पड़े घरों को ध्वस्त करना शुरू कर दिया. कई जगहों पर हमास लड़ाकों और इजरायली सैनिकों के बीच आमने-सामने की लड़ाई की खबरें हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, इजरायल की गीवाती ब्रिगेड ने हमास के लड़ाकों को भारी नुकसान पहुंचाया है और उनके कई हथियार भंडार नष्ट कर दिए गए हैं.
इस दौरान इजरायली हवाई हमले में हमास का कमांडर महमूद अल-असौद मारा गया. इसके बावजूद, घनी आबादी वाला गाजा सिटी अभी तक पूरी तरह से इजरायल के कब्जे में नहीं आ पाया है. इजरायल सरकार ने इस महीने की शुरुआत में ऐलान किया था कि गाजा सिटी पर जमीनी कार्रवाई करके उसे स्थायी रूप से कब्जे में लिया जाएगा. हालांकि, अंतरराष्ट्रीय समुदाय ने इस योजना की आलोचना की और इसके गंभीर परिणामों की चेतावनी दी.
वर्तमान में इजरायली सेना गाजा सिटी के सीमावर्ती इलाकों, खासकर एबाद-अलरहमन में अभियान चला रही है. स्थानीय लोग पहले ही घर छोड़ चुके हैं, जिससे वहां सीधे इजरायली सैनिकों और हमास के बीच मुकाबला हो रहा है. इस बीच, इजरायली वायुसेना लगातार बमबारी कर रही है.
इसके अलावा, जबालिया शरणार्थी शिविर के अंदरूनी हिस्सों में भी इजरायली अभियान जारी है. हालांकि, शहर के कुछ इलाकों में अब भी हमास का नियंत्रण बरकरार है, जिससे लड़ाई लंबी खिंचने की आशंका बनी हुई है. First Updated : Friday, 29 August 2025