एल मेनचो की मौत से फैली हिंसा के बाद भारतीय दूतावास ने जारी की एडवाइजरी

मेक्सिको में कुख्यात ड्रग सरगना नेमेसियो ओसेगुएरा सर्वेंटेस उर्फ एल मेनचो की सैन्य कार्रवाई में मौत के बाद कई राज्यों में हिंसा भड़क उठी. हालात बिगड़ते के बाद मेक्सिको में भारतीय दूतावास ने वहां रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

मेक्सिको में कुख्यात ड्रग सरगना नेमेसियो ओसेगुएरा सर्वेंटेस उर्फ एल मेनचो की सैन्य कार्रवाई में मौत के बाद कई राज्यों में हिंसा भड़क उठी है. हालात बिगड़ते देख मेक्सिको में भारतीय दूतावास ने वहां रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है. दूतावास ने लोगों से सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने, अनावश्यक यात्रा टालने और भीड़भाड़ वाले इलाकों से दूर रहने की अपील की है.

सार्वजनिक संपत्ति को पहुंचाया गया नुकसान 

एल मेनचो की मौत की खबर सामने आते ही कथित तौर पर उसके समर्थक समूहों ने अलग-अलग राज्यों में राजमार्गों को जाम कर दिया, वाहनों और दुकानों में आग लगा दी और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाया. दूतावास ने विशेष रूप से जलिस्को (प्यूर्टो वल्लार्टा, चापाला, ग्वाडालाजारा क्षेत्र), तामाउलिपास, मिचोआकान, गुरेरो और नुएवो लियोन में रह रहे भारतीयों को सतर्क रहने को कहा है. हेल्पलाइन नंबर जारी करते हुए दूतावास ने स्थानीय मीडिया से अपडेट लेने और आपात स्थिति में 911 पर संपर्क करने की सलाह दी है.

अधिकारियों के अनुसार, एल मेनचो की मौत जलिस्को में एक सैन्य छापे के दौरान लगी गंभीर चोटों के कारण हुई. उसे इलाज के लिए मेक्सिको सिटी ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया. वह दुनिया के सबसे वांछित ड्रग तस्करों में गिना जाता था. उसका संगठन जलिस्को न्यू जेनरेशन कार्टेल (CJNG) पिछले दशक में मेक्सिको के सबसे प्रभावशाली आपराधिक गिरोहों में शामिल हो चुका था और अमेरिका को कोकीन, मेथामफेटामिन व फेंटानिल की बड़ी खेप भेजने के आरोपों में घिरा रहा.

यह कार्रवाई ऐसे समय हुई जब डोनाल्ड ट्रम्प के नेतृत्व में अमेरिका की ओर से मेक्सिको पर ड्रग तस्करी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का दबाव बढ़ रहा था. वॉशिंगटन ने प्रत्यक्ष हस्तक्षेप की संभावना भी जताई थी. अमेरिका ने एल मेनचो की गिरफ्तारी या दोषसिद्धि से जुड़ी जानकारी देने पर 1.5 करोड़ डॉलर के इनाम की घोषणा कर रखी थी.

कार्टेल समर्थकों के जवाबी हमले 

एल मेनचो की मौत के बाद कई जगहों पर कार्टेल समर्थकों ने जवाबी हमले किए. जलिस्को में नेशनल गार्ड के ठिकानों पर फायरिंग की खबरें आईं. ग्वाडालाजारा और प्यूर्टो वल्लार्टा जैसे शहरों में सड़कों पर जलते वाहन खड़े कर रास्ते बंद किए गए. कुछ इलाकों में सार्वजनिक परिवहन रोक दिया गया. व्यस्त मेक्सिको-पुएब्ला राजमार्ग पर यातायात ठप रहा, जबकि कोलिमा और ग्वानाजुआतो में भी हिंसक घटनाएं दर्ज की गईं.

स्थानीय प्रशासन ने लोगों से घरों में रहने की अपील की है. क्लाउडिया शाइनबाम ने कहा कि संघीय सरकार राज्य प्रशासन के साथ समन्वय में काम कर रही है. स्थिति को नियंत्रण में लाने के प्रयास जारी हैं, लेकिन सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि कार्टेल के भीतर वर्चस्व की लड़ाई और तेज हो सकती है. फिलहाल, भारतीय दूतावास सहित कई विदेशी मिशन अपने नागरिकों से अत्यधिक सतर्कता बरतने की अपील कर रहे हैं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag