'ब्राउन बॉय इंडियन, मेरे साथ संबंध बनाओ...', जेपी मॉर्गन की महिला डायरेक्टर पर भारतीय पुरुष कर्मचारी ने लगाए आरोप

न्यूयॉर्क कोर्ट में दायर एक मामले ने जेपी मॉर्गन से जुड़ी वरिष्ठ अधिकारी पर गंभीर आरोपों को सामने ला दिया है. नस्लीय टिप्पणी, धमकी और यौन शोषण के दावों से बैंकिंग सेक्टर में हलचल मच गई है.

Shraddha Mishra

न्यूयॉर्क की अदालत में दायर एक ताज़ा मुकदमे ने अंतरराष्ट्रीय कॉर्पोरेट जगत में हड़कंप मचा दिया है. इस केस में दुनिया के बड़े बैंक जेपी मॉर्गन चेस की एक वरिष्ठ अधिकारी पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं. बैंक की लेवरेज्ड फाइनेंस डिवीजन की कार्यकारी निदेशक लोर्ना हजदीनी पर उनके एक जूनियर पुरुष सहकर्मी ने यौन शोषण, नस्लीय टिप्पणी और नौकरी खत्म करने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं. अदालत में पीड़ित की पहचान छुपाने के लिए उसे “जॉन डो” नाम दिया गया है.

यह मामला न्यूयॉर्क काउंटी सुप्रीम कोर्ट में सोमवार, 27 अप्रैल को दायर किया गया. शिकायत में कहा गया है कि आरोपी अधिकारी ने अपने पद और प्रभाव का गलत इस्तेमाल किया. मुकदमे के अनुसार, हजदीनी ने न सिर्फ पीड़ित के साथ अनुचित व्यवहार किया, बल्कि उसे मानसिक और पेशेवर दबाव में भी रखा. शिकायत में यह भी कहा गया है कि पीड़ित एक शादीशुदा व्यक्ति है, जिसके साथ नस्लीय टिप्पणी करते हुए उसे अपमानित किया गया.

नस्लीय टिप्पणी और गंभीर आरोप

दस्तावेजों के मुताबिक, आरोपी अधिकारी ने पीड़ित को कई बार 'ब्राउन बॉय इंडियन' जैसे शब्दों से संबोधित किया, जो नस्लीय भेदभाव की श्रेणी में आता है. आरोप यह भी है कि उसने कथित तौर पर नशीली दवाएं देकर यौन संबंध बनाने की कोशिश की. इनमें रोहिप्नोल जैसी ड्रग का भी जिक्र है, जिसे आम तौर पर ‘डेट-रेप ड्रग’ कहा जाता है. इसके अलावा, उत्तेजना बढ़ाने वाली दवाएं भी देने का आरोप लगाया गया है. जब पीड़ित ने इस तरह के व्यवहार का विरोध किया, तो उसे नौकरी और प्रमोशन रोकने की धमकी दी गई.

2024 में शुरू हुई कथित घटनाएं

रिपोर्ट के अनुसार, इस पूरे विवाद की शुरुआत 2024 के मार्च से मई के बीच हुई, जब दोनों एक ही प्रोजेक्ट पर काम कर रहे थे. शुरुआती दिनों में ही व्यवहार को लेकर सवाल उठने लगे. आरोप है कि एक दिन आरोपी ने जानबूझकर अपनी कलम पीड़ित के पास गिराई और फिर उसे उठाने के बहाने अनुचित व्यवहार किया. उसने कथित तौर पर कहा, 'ओह, क्या तुम कॉलेज में बास्केटबॉल खेलते थे? मुझे बास्केटबॉल खिलाड़ी बहुत पसंद हैं, वे मुझे बहुत उत्तेजित करते हैं.'

दबाव और धमकियों के आरोप

मुकदमे में यह भी कहा गया है कि जब पीड़ित ने उसके साथ बाहर जाने से मना किया, तो उसे गंभीर धमकियां दी गईं. आरोप के अनुसार, हजदीनी ने कहा, 'अगर तुमने जल्द ही मेरे साथ सेक्स संबंध नहीं बनाए, तो मैं तुम्हें बर्बाद कर दूंगी, कभी मत भूलना, तुम मेरे गुलाम हो.' सितंबर 2024 में कथित रूप से एक और बातचीत में उसने पीड़ित की योग्यता पर सवाल उठाते हुए कहा कि कंपनी कभी किसी विशेष समुदाय के व्यक्ति को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी नहीं देगी. 

उसने कथित तौर पर यह भी धमकी दी कि अगर उसकी बात नहीं मानी गई, तो प्रमोशन रोक दिया जाएगा. मुकदमे में एक और गंभीर घटना का उल्लेख है, जिसमें कहा गया है कि आरोपी बिना अनुमति के पीड़ित के घर पहुंच गई. वहां उसने कथित तौर पर अनुचित व्यवहार किया और पीड़ित की पत्नी के खिलाफ भी नस्लीय टिप्पणी की. इसके बाद आरोप है कि उसने शारीरिक दबाव डालकर यौन कृत्य किया. जब पीड़ित भावनात्मक रूप से टूट गया, तो उसे और अपमानित किया गया.

कंपनी और आरोपी का पक्ष

इन सभी आरोपों को आरोपी लोर्ना हजदीनी ने अपने वकीलों के माध्यम से पूरी तरह गलत बताया है. उनका कहना है कि उन्होंने कभी किसी प्रकार का अनुचित व्यवहार नहीं किया और न ही वे उस स्थान पर मौजूद थीं, जहां घटना का दावा किया जा रहा है. वहीं, जेपी मॉर्गन चेस ने भी प्रारंभिक जांच के बाद आरोपों को खारिज कर दिया है. बैंक का कहना है कि जांच में कोई ठोस सबूत सामने नहीं आया. साथ ही यह भी बताया गया कि शिकायतकर्ता ने जांच प्रक्रिया में पूरा सहयोग नहीं किया.

बैंक की आधिकारिक प्रतिक्रिया

जेपी मॉर्गन के प्रवक्ता के अनुसार, 'जांच के बाद, हमें इन दावों में कोई सच्चाई नहीं मिली. जहां कई कर्मचारियों ने जांच में सहयोग किया, वहीं शिकायतकर्ता ने भाग लेने से इनकार कर दिया और उन तथ्यों को देने से मना कर दिया जो उसके आरोपों को साबित करने के लिए मुख्य थे.'

पीड़ित पक्ष की स्थिति

पीड़ित के वकील डेनियल जे कैसर का कहना है कि इस पूरे मामले ने उनके मुवक्किल के जीवन को गहरा नुकसान पहुंचाया है. उनके अनुसार, न केवल पीड़ित की नौकरी प्रभावित हुई है, बल्कि उसकी मानसिक स्थिति और सामाजिक प्रतिष्ठा भी गंभीर रूप से प्रभावित हुई है. वकील ने यह भी बताया कि पीड़ित अब आर्थिक नुकसान, मानसिक तनाव और करियर खराब होने के लिए मुआवजे की मांग कर रहा है. साथ ही बैंक की नीतियों में सुधार की भी मांग की गई है.

आरोपी का प्रोफेशनल बैकग्राउंड

लिंक्डइन प्रोफाइल के अनुसार, लोर्ना हजदीनी 37 वर्ष की हैं और पिछले लगभग 15 वर्षों से जेपी मॉर्गन चेस में कार्यरत हैं. वर्तमान में वह लेवरेज्ड फाइनेंस डिवीजन में कार्यकारी निदेशक हैं. उन्होंने NYU स्टर्न स्कूल ऑफ बिजनेस से फाइनेंस और स्टैटिस्टिक्स में डिग्री हासिल की है. इसके अलावा उन्होंने हार्वर्ड बिजनेस स्कूल से प्राइवेट इक्विटी और वेंचर कैपिटल से जुड़ा कार्यक्रम भी किया है. अपने करियर के शुरुआती दौर में उन्होंने ग्लेज़र कैपिटल मैनेजमेंट और ट्यूडर इन्वेस्टमेंट कॉर्पोरेशन में भी काम किया है, जहां उन्हें विभिन्न सेक्टर्स में अनुभव मिला.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो