ब्रिटिश कोलंबिया में भारतीय मूल के कनाडाई उद्योगपति दर्शन सिंह साहसी की हत्या, पुलिस ने जताई यह आशंका

कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया में भारतीय-कनाडाई उद्योगपति दर्शन सिंह साहसी की एबॉट्सफोर्ड में गोली मारकर हत्या कर दी गई. पुलिस ने इसे लक्षित हमला बताया है. फिलहाल कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है. साहसी कैनम इंटरनेशनल के संस्थापक और समाजसेवी थे. घटना से भारतीय समुदाय में शोक की लहर है.

Yaspal Singh
Edited By: Yaspal Singh

नई दिल्लीः कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया में सोमवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां एक प्रमुख भारतीय कनाडाई व्यवसायी की गोली मारकर हत्या कर दी गई. स्थानीय पुलिस के अनुसार, यह एक टारगेट हमला था. मृतक की पहचान 68 वर्षीय दर्शन सिंह साहसी के रूप में हुई है, जो एबॉट्सफोर्ड के जाने-माने उद्योगपति थे.

यह घटना सुबह करीब 9:20 बजे हुई, जब एबॉट्सफोर्ड पुलिस विभाग को गोलीबारी की सूचना मिली. पुलिस जब मौके पर पहुंची, तो उन्होंने एक वाहन को सड़क पर खड़ा पाया, जिसमें साहसी गंभीर रूप से घायल अवस्था में थे. मौके पर ही पैरामेडिक टीम ने प्राथमिक उपचार दिया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी.

पुलिस ने जताई यह आशंका

एबॉट्सफोर्ड पुलिस ने इलाके की तुरंत घेराबंदी कर दी और मामले की जांच Integrated Homicide Investigation Team (IHIT) को सौंप दी गई है. IHIT ने सोशल मीडिया पर बयान जारी करते हुए कहा कि यह मामला स्पष्ट रूप से किसी को निशाना बनाकर किए गए हमले का प्रतीत होता है. जांच अभी शुरुआती चरण में है. हम साक्ष्य एकत्र करने में जुटे हैं.

अब तक इस घटना में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है. पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और स्थानीय निवासियों से जानकारी देने की अपील की गई है.

परिवार का शोक 

स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, दर्शन सिंह साहसी के बेटे अर्पण साहसी ने अपने पिता की पहचान की. उन्होंने कहा कि हम बहुत गहरे सदमे में हैं. हमें समझ नहीं आ रहा कि यह किसने और क्यों किया. न तो कोई धमकी थी, न ही कोई ब्लैकमेल या जबरन वसूली की कोशिश हुई थी.

लोअर मेनलैंड क्षेत्र में बढ़ती हिंसा

ब्रिटिश कोलंबिया का लोअर मेनलैंड क्षेत्र, जहां एबॉट्सफ़ोर्ड स्थित है, पिछले कुछ वर्षों से गैंगवार और जबरन वसूली से जुड़ी हिंसक घटनाओं के लिए कुख्यात होता जा रहा है. हालांकि, पुलिस के मुताबिक, यह इस साल की केवल दूसरी हत्या है. इससे पहले 11 जून को एक और व्यवसायी सतविंदर शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी.

एक सफल उद्योगपति

दर्शन सिंह साहसी न केवल एक सफल व्यवसायी थे, बल्कि समाजसेवा के लिए भी जाने जाते थे. वे कैनम इंटरनेशनल (Canam International) नामक कंपनी के संस्थापक थे, जो विश्व की अग्रणी कपड़ा पुनर्चक्रण कंपनियों में से एक मानी जाती है. उनकी कंपनी पर्यावरण संरक्षण और टिकाऊ उत्पादन के लिए जानी जाती है.

भारत से कनाडा तक का सफर

मूल रूप से पंजाब के दोराहा के पास राजगढ़ गांव के रहने वाले साहसी 1991 में कनाडा चले गए थे. वैंकूवर जाने से पहले वे भारत में एक ईंट भट्ठा चलाते थे. इसके अलावा उनके पास गुजरात के कांडला में एक औद्योगिक संयंत्र और हरियाणा के पानीपत में एक रीसाइक्लिंग यूनिट भी थी.

समाज में शोक की लहर

साहसी की हत्या की खबर से स्थानीय भारतीय समुदाय और व्यापारिक जगत में शोक की लहर है. समुदाय के कई नेताओं ने इस हमले की निंदा की है और अपराधियों को जल्द पकड़ने की मांग की है.

ब्रिटिश कोलंबिया पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जांच तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है और दोषियों को जल्द न्याय के कटघरे में लाया जाएगा.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag