होर्मुज पर महायुद्ध! ईरान ने रोकी शिपिंग, ट्रंप ने कहा समुद्री रास्ता पूरी तरह खुला

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर ईरान और अमेरिका आमने-सामने आ गए हैं। ईरान ने अमेरिकी सैन्य गतिविधियों का हवाला देकर इस अहम समुद्री रास्ते से जहाजों की आवाजाही रोकने का ऐलान किया है।

calender

नई दिल्ली: स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर ईरान और अमेरिका आमने-सामने आ गए हैं। ईरान ने अमेरिकी सैन्य गतिविधियों का हवाला देकर इस अहम समुद्री रास्ते से जहाजों की आवाजाही रोकने का ऐलान किया है। वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का दावा है कि होर्मुज पूरी तरह खुला है और व्यापारिक जहाज सामान्य रूप से चल रहे हैं। दोनों के अलग-अलग बयान से खाड़ी क्षेत्र में असमंजस बढ़ गया है। तेल सप्लाई के लिहाज से संवेदनशील इस इलाके में तनाव ने ग्लोबल मार्केट की चिंता बढ़ा दी है।  

ईरान ने क्या कहा?   

ईरान के समुद्री विभाग PGSA ने कहा कि इलाके में अमेरिकी सेना की हरकतों की वजह से फिलहाल होर्मुज से जहाजों का आना-जाना संभव नहीं है। विभाग के मुताबिक हालात ठीक होने पर ही जहाजों को आगे जाने की इजाजत मिलेगी।  

PGSA ने ये भी साफ किया कि होर्मुज से गुजरने के लिए परमिट सिर्फ उसकी आधिकारिक वेबसाइट से ही मिलेगा। ईरान इस समुद्री रास्ते को अपनी सुरक्षा के लिए परमाणु बम से भी बड़ा हथियार मानता है। उसके लिए होर्मुज सिर्फ रास्ता नहीं, दबाव बनाने का सबसे बड़ा जरिया है।  

अमेरिका और ट्रंप का जवाब   

ईरान के ऐलान के तुरंत बाद US सेंट्रल कमांड CENTCOM ने दावा खारिज कर दिया। अमेरिकी सेना ने सोशल मीडिया पर कहा कि होर्मुज एक अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्ग है, इसे कोई एक देश बंद नहीं कर सकता। उनके अनुसार कारोबारी जहाजों की आवाजाही सामान्य है और सुरक्षा के लिए अमेरिकी बल पहले से तैनात हैं।  

NBC के एक शो में ट्रंप ने भी कहा कि होर्मुज व्यापारिक जहाजों के लिए खुला है। उन्होंने दुनिया भर के बाजारों को भरोसा दिलाया कि इस रास्ते से आवाजाही जारी है। सैन्य अधिकारियों ने कहा कि विदेशी जहाजों पर ईरान का नियंत्रण होने का दावा गलत है। होर्मुज किसी एक देश के अधिकार में नहीं आता और अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत यहां आवाजाही जारी रहेगी।  

मिसाइल हमले से बढ़ा तनाव   

ये विवाद ऐसे समय आया है जब ईरान और अमेरिका के बीच सैन्य टकराव चरम पर है। ईरान ने अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाते हुए जॉर्डन, कुवैत, ओमान, कतर और UAE की तरफ मिसाइलें और ड्रोन दागे।  

कतर के अनुसार उसकी एयर डिफेंस ने कई मिसाइलें हवा में मार गिराईं, लेकिन गिरते मलबे से 3 लोग घायल हुए। ओमान और जॉर्डन ने भी अपने इलाके में हमले की पुष्टि की। जवाब में अमेरिकी सेना ने 3 दिन के अंदर ईरान के 300 से ज्यादा ठिकानों को तबाह करने का दावा किया।  

होर्मुज पर क्यों है दुनिया की नजर    

होर्मुज दुनिया के सबसे व्यस्त समुद्री रास्तों में से एक है। विवाद से पहले दुनिया का करीब 20 फीसदी कच्चा तेल और बड़ी मात्रा में LNG यहीं से गुजरती थी। यदि यहां आवाजाही रुकी तो ग्लोबल सप्लाई चेन पर सीधा असर पड़ेगा। शिपिंग ठप होगी और पेट्रोल-डीजल की कीमतें तेजी से बढ़ सकती हैं। इसी वजह से बाजार और सरकारें दोनों इस रास्ते पर नजर बनाए हुए हैं।   First Updated : Sunday, 12 July 2026