ईरान के नए सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई अमेरिका संग बातचीत करने के लिए तैयार: रिपोर्ट्स
ईरान और अमेरिका के बीच संभावित बातचीत और समझौते की खबरों से पश्चिम एशिया में जारी तनाव कम होने की उम्मीद जगी है. वहीं, ट्रंप ने सैन्य कार्रवाई पर अस्थायी रोक लगाकर कूटनीतिक समाधान की दिशा में कदम बढ़ाने के संकेत दिए हैं.

पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच एक नई रिपोर्ट ने संभावित कूटनीतिक हल की उम्मीद जगाई है. अरब न्यूज ने इजरायली अखबार के हवाले से दावा किया है कि ईरान के नए सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई अमेरिका के साथ बातचीत और समझौते के लिए तैयार हो गए हैं. इसे दोनों देशों के बीच लंबे समय से चली आ रही टकराव की स्थिति में एक अहम मोड़ के रूप में देखा जा रहा है.
अराघची और अमेरिकी मध्यस्थ स्टीव विटकॉफ के बीच बातचीत
रिपोर्ट के अनुसार, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची और अमेरिकी मध्यस्थ स्टीव विटकॉफ के बीच बातचीत हुई है, जिसे ईरान के शीर्ष नेतृत्व की मंजूरी भी मिली है. हालांकि, इससे पहले तेहरान ने वाशिंगटन के साथ किसी भी तरह की वार्ता से इनकार किया था और अमेरिकी दावों को खारिज कर दिया था.
इसी बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने संकेत दिया कि रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण होर्मुज जलडमरूमध्य जल्द ही खुल सकता है. उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि इस जलमार्ग का संचालन अमेरिका और ईरान मिलकर कर सकते हैं. ट्रंप के इस बयान को क्षेत्रीय तनाव कम करने की दिशा में एक संकेत माना जा रहा है.
हालांकि, ईरान के विदेश मंत्रालय ने हाल ही में साफ किया था कि पिछले 24 दिनों में अमेरिका के साथ कोई बातचीत नहीं हुई है. यह बयान उस समय आया था जब अमेरिका और इजरायल के साथ ईरान का संघर्ष तेज हो गया था. बावजूद इसके, ट्रंप ने दावा किया कि हाल के दिनों में दोनों पक्षों के बीच बातचीत में प्रगति हुई है और समझौते के कुछ प्रमुख बिंदु सामने आए हैं.
ट्रंप का अमेरिकी रक्षा विभाग को निर्देश
तनाव कम करने के प्रयासों के तहत ट्रंप ने अमेरिकी रक्षा विभाग को निर्देश दिया है कि ईरान के ऊर्जा ठिकानों पर संभावित हमलों को पांच दिनों के लिए टाल दिया जाए. यह फैसला ऐसे समय लिया गया है जब क्षेत्र में युद्ध चौथे सप्ताह में पहुंच चुका है और इसका असर वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति पर भी पड़ रहा है.
इजरायली मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिका इस संघर्ष को समाप्त करने के लिए 9 अप्रैल की संभावित समयसीमा पर विचार कर रहा है. एक अधिकारी ने संकेत दिया कि इस तारीख तक युद्ध खत्म होने की संभावना है, ताकि ट्रंप इजरायल की यात्रा से पहले स्थिति सामान्य हो सके.
इसके अलावा, मध्यस्थ देशों द्वारा इस्लामाबाद में अमेरिका और ईरान के बीच बैठक कराने की कोशिशें भी जारी हैं. हालांकि, इन प्रयासों और कथित संपर्कों को लेकर आधिकारिक स्तर पर अभी भी विरोधाभासी बयान सामने आ रहे हैं, जिससे स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाई है.


