क्रिकेट की सबसे महंगी खरीद! राजस्थान रॉयल्स पर लगा 15,000 करोड़ का दांव
अमेरिकी कारोबारी काल सोमानी ने राजस्थान रॉयल्स को लगभग 15,300 करोड़ रुपये में खरीदने का समझौता किया है, जो आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा सौदा माना जा रहा है. यह डील 2026 सीजन के बाद लागू होगी और सोमानी पहले से ही इस फ्रेंचाइजी में निवेशक रह चुके हैं.

रिपोर्ट्स के अनुसार, अमेरिका में बसे उद्योगपति काल सोमानी ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की टीम राजस्थान रॉयल्स को करीब 1.63 अरब अमेरिकी डॉलर (लगभग 15,300 करोड़ रुपये) में खरीदने का सौदा किया है. बताया जा रहा है कि यह पूरी राशि एकमुश्त अदा की जाएगी. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस डील को अमेरिका के मशहूर कारोबारी रॉब वाल्टन और हैम्प परिवार का भी समर्थन हासिल है. यह सौदा आईपीएल 2026 सीजन के बाद लागू होगा.
अगर यह समझौता तय शर्तों के मुताबिक पूरा होता है, तो यह आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा अधिग्रहण बन जाएगा. इससे पहले 2024 में टॉरेंट ग्रुप ने गुजरात टाइटन्स में 67 प्रतिशत हिस्सेदारी करीब 5,025 करोड़ रुपये में खरीदी थी, जिससे उस फ्रेंचाइजी की कुल वैल्यू लगभग 7,500 करोड़ रुपये आंकी गई थी. सीवीसी कैपिटल पार्टनर्स, जिसने 2021 में इस टीम को खरीदा था, अभी भी अपनी 33 प्रतिशत हिस्सेदारी बनाए हुए है.
बहुमत हिस्सेदारी हासिल करने की दौड़ में सोमानी का समूह सबसे आगे
हाल ही में आई रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया था कि राजस्थान रॉयल्स में बहुमत हिस्सेदारी हासिल करने की दौड़ में सोमानी का समूह सबसे आगे चल रहा था. इस फ्रेंचाइजी में अब तक सबसे बड़ी हिस्सेदारी मनोज बदले के पास थी, जो इमर्जिंग मीडिया वेंचर्स के जरिए लगभग 65 प्रतिशत हिस्सेदारी नियंत्रित करते थे. इसके अलावा रेडबर्ड कैपिटल पार्टनर्स और लाचलान मर्डोक जैसे निवेशक भी इसमें शामिल रहे हैं. इस हिस्सेदारी की बिक्री की प्रक्रिया पिछले साल के अंत में शुरू हुई थी, जिसमें निवेश बैंक द रेन ग्रुप सलाहकार के रूप में जुड़ा था.
राजस्थान रॉयल्स को खरीदने की होड़ में कई बड़े कॉरपोरेट समूहों ने दिलचस्पी दिखाई थी. इनमें आदित्य बिरला समूह से जुड़ा एक कंसोर्टियम, अमेरिकी खेल निवेशक डेविड ब्लिट्जर और आर्सेलरमित्तल के संस्थापक परिवार का नाम भी सामने आया था.
काल सोमानी की बात करें तो वे एरिज़ोना के स्कॉट्सडेल में रहने वाले एक अनुभवी उद्यमी हैं. उन्हें एड-टेक, डेटा प्राइवेसी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस गवर्नेंस और स्पोर्ट्स टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में 15 साल से ज्यादा का अनुभव है. वे इंट्राएज और ट्रूयो जैसी कंपनियों के संस्थापक हैं और एआई गवर्नेंस से जुड़े कई प्रोजेक्ट्स में भी सक्रिय रहे हैं.
खेल क्षेत्र में अच्छी पकड़
खेल क्षेत्र में भी उनकी अच्छी पकड़ है. वे मोटर सिटी गोल्फ क्लब के सह-मालिक हैं और टीएमआरडब्ल्यू स्पोर्ट्स व टीजीएल गोल्फ लीग जैसे प्रोजेक्ट्स में शुरुआती निवेशक रहे हैं. खास बात यह है कि सोमानी पहले से ही राजस्थान रॉयल्स से जुड़े रहे हैं, क्योंकि उन्होंने 2021 में इस फ्रेंचाइजी में निवेश किया था. उस समय उन्होंने आईपीएल के भविष्य को लेकर भरोसा जताया था, जो अब इस बड़े निवेश के रूप में सामने आ रहा है.


