60 घंटे पहले धमकी, अब पीछे हटे ट्रंप! ईरान से 'उत्पादक' बातचीत का दावा, लेकिन ईरान ने किया इनकार

ईरान और अमेरिका के बीच जारी युद्ध के बीच डोनाल्ड ट्रंप ने कई बड़े घोषणा किए हैं. उन्होंने ईरान की ऊर्जा सुविधाओं पर हमले की धमकी को 5 दिन के लिए टाल दिया.

Sonee Srivastav

नई दिल्ली: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को कहा कि उनकी सरकार ईरान के साथ “उत्पादक” बातचीत कर रही है. उन्होंने ईरान की ऊर्जा सुविधाओं पर हमले की धमकी को 5 दिन के लिए टाल दिया. ट्रंप ने दावा किया कि दोनों देश शांति की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं, लेकिन ईरान ने साफ कहा कि कोई बातचीत नहीं हो रही. इस बीच युद्ध का चौथा हफ्ता चल रहा है और लड़ाई अभी भी जारी है.

पीट हेगसेथ पर उंगली?

अमेरिका के अंदर अब युद्ध शुरू करने की जिम्मेदारी तय करने की चर्चा तेज हो गई है. ट्रंप ने टेनेसी में एक कार्यक्रम में रक्षा सचिव पीट हेगसेथ की ओर इशारा करते हुए कहा, “पीट, तुमने सबसे पहले कहा था, चलो कर देते हैं, क्योंकि उन्हें परमाणु हथियार नहीं मिलने चाहिए.” कई लोग इसे हेगसेथ को scapegoat बनाने की कोशिश मान रहे हैं, क्योंकि युद्ध ट्रंप के “त्वरित और निर्णायक” वादे के मुताबिक नहीं चल रहा.

पाकिस्तान मध्यस्थ की भूमिका

पाकिस्तान इस संघर्ष को खत्म कराने में अहम भूमिका निभा रहा है. पाक आर्मी चीफ फील्ड मार्शल आसिम मुनीर ने रविवार को ट्रंप से बात की. इसके बाद पाक प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने ईरानी राष्ट्रपति से फोन पर चर्चा की. मिस्र, तुर्किये और पाकिस्तान के अधिकारी ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकोफ और ईरानी विदेश मंत्री से संपर्क में हैं. पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद को बातचीत का स्थल बनाने का प्रस्ताव भी सामने आया है. 

पाकिस्तान विदेश मंत्रालय ने कहा कि अगर दोनों पक्ष चाहें तो इस्लामाबाद हमेशा तैयार है. मिस्र के विदेश मंत्री ने भी विटकोफ से “संभावित वार्ता” पर चर्चा की. साथ ही सऊदी अरब, तुर्किये और मिस्र के साथ पाकिस्तान “STEP” ग्रुप का हिस्सा बताया जा रहा है.

तेल की कीमतों में गिरावट 

ट्रंप की घोषणा के बाद तेल की कीमतों में तेज गिरावट आई. कुछ लोगों ने तेल भाव गिरने पर पहले से दांव लगाया और भारी मुनाफा कमाया. बाजार में चर्चा है कि क्या किसी को अंदरूनी जानकारी लीक हुई या इस्तेमाल की गई, जिससे 10 करोड़ डॉलर तक का फायदा हुआ.

ईरान का रुख

ईरान का कहना है कि ट्रंप पीछे हटे क्योंकि ईरान ने खाड़ी देशों में अमेरिकी ठिकानों पर हमले की चेतावनी दी थी. फिलहाल युद्ध थमने के संकेत हैं, लेकिन लड़ाई अभी जारी है. ट्रंप के दामाद कुश्नर और दोस्त स्टीव विटकोफ बातचीत में शामिल बताए जा रहे हैं. 

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो