IPL 2026 से पहले BCCI हुआ सख्त, लागू किए कई कड़े नियम; रूल तोड़ने पर लगेगा भारी जुर्माना
IPL 2026 को लेकर BCCI पूरी तरह सख्त हो गई है. BCCI ने नई गाइडलाइंस जारी की है, जिसके तहत अगर कोई भी खिलाड़ी या फ्रेंचाइजी उनकी बात नहीं मानती है तो वे भारी जुर्माना लगाएंगे.

IPL 2026: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 से पहले सभी 10 टीमों के लिए नई और सख्त गाइडलाइंस जारी कर दी है. इन नियमों का मुख्य उद्देश्य टूर्नामेंट में अनुशासन बनाए रखना, पिच की गुणवत्ता बचाना और ब्रॉडकास्ट क्वालिटी को बेहतर करना है.
मैच के दिन प्रैक्टिस पर पूरी रोक
IPL 2026 में अब मैच वाले दिन किसी भी टीम को प्रैक्टिस करने की इजाजत नहीं होगी. BCCI ने यह फैसला पिच को तरोताजा रखने और व्यस्त शेड्यूल को बेहतर तरीके से मैनेज करने के लिए लिया है. टीमों को मैच से पहले तय समय में ही ट्रेनिंग करनी होगी.
मैच के दिन नेट्स में बल्लेबाजी या मुख्य स्क्वायर पर फिटनेस ड्रिल बिल्कुल बंद रहेगी. बड़े स्टेडियम जैसे वानखेड़े में हर टीम को दो नेट्स और मुख्य स्क्वायर के एक साइड विकेट रेंज हिटिंग के लिए मिलेंगे. दोनों टीमें साथ प्रैक्टिस करें तो अलग-अलग विकेट दिए जाएंगे. ओपन नेट्स पर भी रोक लग गई है.
फैमिली और दोस्तों पर सख्त पाबंदी
खिलाड़ियों के परिवार और दोस्तों की पहुंच अब काफी सीमित कर दी गई है. ड्रेसिंग रूम और मैदान पर सिर्फ अधिकृत स्टाफ ही जा सकेगा. परिवार वाले प्रैक्टिस सिर्फ हॉस्पिटैलिटी एरिया से देख पाएंगे. प्रैक्टिस के दौरान खिलाड़ियों के साथ परिवार की यात्रा की भी अनुमति नहीं होगी. यह नियम टीम के माहौल को पेशेवर बनाए रखने के लिए लाया गया है.
निजी गाड़ी पर लगी रोक
अब हर खिलाड़ी को स्टेडियम आने-जाने के लिए टीम बस का इस्तेमाल करना होगा. निजी वाहनों की अनुमति पूरी तरह खत्म कर दी गई है. परिवार के सदस्य अलग गाड़ी से आ सकेंगे. यह नियम सुरक्षा और लॉजिस्टिक्स को ध्यान में रखकर बनाया गया है.
ब्रॉडकास्ट और प्रेजेंटेशन में नए नियम
मैच के दौरान खिलाड़ी LED बोर्ड पर सीधे गेंद नहीं मार सकेंगे. LED बोर्ड के सामने बैठने पर भी पाबंदी है. सब्स्टीट्यूट खिलाड़ियों के लिए अलग जगह तय की गई है. ऑरेंज और पर्पल कैप शुरुआती ओवरों तक पहनना जरूरी होगा. पोस्ट-मैच प्रेजेंटेशन में फ्लॉपी हैट और बिना आस्तीन वाली जर्सी पहनने पर रोक लगाई गई है.
नियम तोड़ने पर जुर्माना
BCCI ने साफ कहा है कि नियम न मानने पर पहले चेतावनी मिलेगी, फिर जुर्माना लगेगा. मैच डे पर सिर्फ 12 सपोर्ट स्टाफ (डॉक्टर सहित) की अनुमति होगी और हर स्टाफ को अपना एक्रेडिटेशन कार्ड दिखाना अनिवार्य है.
जर्सी नंबर बदलने पर भी 24 घंटे पहले BCCI को सूचना देनी होगी. ये नए नियम IPL 2026 को और अनुशासित और बेहतर बनाने की दिशा में बड़ा कदम है. टीमों को अब मैच से पहले ही पूरी तैयारी करनी होगी.


