IPL में प्लेऑफ की तस्वीर साफ, राजस्थान रॉयल्स ने मुंबई को हराकर टॉप-4 में बनाई जगह

आईपीएल 2026 के प्लेऑफ की चारों टीमें तय हो गई हैं, जिसमें राजस्थान ने मुंबई इंडियंस को हराकर आखिरी स्थान हासिल किया.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

नई दिल्ली: आईपीएल 2026 के प्लेऑफ की तस्वीर अब पूरी तरह साफ हो चुकी है. राजस्थान रॉयल्स ने अपने आखिरी लीग मैच में मुंबई इंडियंस को हराकर प्लेऑफ में जगह बना ली. इस जीत के साथ राजस्थान चौथी और अंतिम टीम बनी, जिसने नॉकआउट चरण के लिए क्वालिफाई किया. वहीं पंजाब किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स का टूर्नामेंट में सफर समाप्त हो गया.

30 रनों से हारी मुंबई

मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 205 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया. जवाब में मुंबई इंडियंस लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी और 30 रनों से मुकाबला गंवा बैठी. इस अहम जीत के बाद राजस्थान के कुल 16 अंक हो गए, जिससे टीम ने प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर ली.

इससे पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, गुजरात टाइटन्स और सनराइजर्स हैदराबाद पहले ही अंतिम चार में जगह बना चुके थे. लीग चरण के अंत में अंक तालिका में बेंगलुरु शीर्ष पर रही, जबकि गुजरात दूसरे और हैदराबाद तीसरे स्थान पर रहा. राजस्थान रॉयल्स चौथे नंबर पर रही और उसने आखिरी समय में प्लेऑफ का टिकट हासिल किया.

अब टूर्नामेंट का रोमांच और बढ़ने वाला है, क्योंकि प्लेऑफ मुकाबलों की शुरुआत जल्द होने जा रही है. पहला क्वालिफायर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटन्स के बीच खेला जाएगा. इस मुकाबले की विजेता टीम सीधे फाइनल में प्रवेश करेगी. हालांकि हारने वाली टीम के पास भी खिताबी दौड़ में बने रहने का एक और मौका रहेगा.

दूसरी ओर, सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के बीच एलिमिनेटर मुकाबला खेला जाएगा. इस मैच में हारने वाली टीम टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी, जबकि विजेता टीम क्वालिफायर-2 में पहुंचेगी. क्वालिफायर-2 में एलिमिनेटर की विजेता टीम का सामना क्वालिफायर-1 में हारने वाली टीम से होगा. इस मैच को जीतने वाली टीम फाइनल में पहुंचेगी.

कहां कहां होंगे प्लेऑफ मुकाबले

प्लेऑफ मुकाबलों के लिए अलग-अलग शहरों को मेजबानी सौंपी गई है. क्वालिफायर-1 धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में आयोजित होगा. वहीं एलिमिनेटर और क्वालिफायर-2 मुकाबले न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे.

आईपीएल 2026 का फाइनल मुकाबला 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा. क्रिकेट प्रशंसकों को अब खिताब की जंग में बेहद रोमांचक मुकाबले देखने को मिलने वाले हैं, जहां चारों टीमें ट्रॉफी जीतने के लिए पूरी ताकत झोंकती नजर आएंगी.

Topics

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो