अमेरिका से युद्ध के बीच गायब हुए मोजतबा खामेनेई? विदेश मंत्री अराघची के खुलासे से मचा हड़कंप

मध्य पूर्व में अमरीका और ईरान के बीच छिड़ी सीधी जंग के बीच एक बड़ा रहस्य गहराता जा रहा है. ईरान की सत्ता संभालने वाले नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई आखिर किस अनजान ठिकाने पर हैं?

Nidhi Jha
Edited By: Nidhi Jha

नई दिल्ली: मध्य पूर्व में अमरीका और ईरान के बीच छिड़ी सीधी जंग के बीच एक बड़ा रहस्य गहराता जा रहा है. ईरान की सत्ता संभालने वाले नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई आखिर किस अनजान ठिकाने पर हैं? कागजों और बयानों में तो उनकी मौजूदगी दर्ज हो रही है, लेकिन वह खुद किसी के सामने नहीं आ रहे हैं. इस रहस्य को ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची के एक ताजा बयान ने और हवा दे दी है. जिसमें उन्होंने माना कि वह खुद भी अब तक अपने नए राष्ट्रप्रमुख से नहीं मिल पाए हैं.

शीर्ष नेतृत्व का गायब होना

28 फरवरी को अमरीकी एयरस्ट्राइक में ईरान के पूर्व शीर्ष नेता अयातुल्लाह अली खामेनेई की मौत हो गई थी. इसके तुरंत बाद उनके बेटे मोजतबा को ईरान की कमान सौंपी गई. पद संभालने के बाद से ही मोजतबा सार्वजनिक जीवन से पूरी तरह नदारद हैं.

विदेश मंत्री अराघची ने किया चौंकाने वाला खुलासा

ईरानी मीडिया को दिए इंटरव्यू में विदेश मंत्री अराघची ने बेहद चौंकाने वाला खुलासा किया. उन्होंने कहा कि सुप्रीम लीडर बनने के बाद से मोजतबा से सिर्फ कुछ ही चुनिंदा अधिकारियों की मुलाकात हुई है. अराघची ने साफ किया कि सुरक्षा कारणों से वह खुद भी अब तक मोजतबा से मिलने का इंतजार कर रहे हैं.

गोपनीय स्थान पर रखा गया

विदेश मंत्री के मुताबिक, जिस गंभीर सुरक्षा चूक की वजह से अमरीका को अयातुल्लाह खामेनेई की सटीक लोकेशन मिली थी, उसे पूरी तरह ठीक करने में वक्त लग रहा है. यही वजह है कि नए सुप्रीम लीडर को बेहद गोपनीय स्थान पर रखा गया है.

गंभीर चोटें और अंतिम संस्कार से भी दूरी

मोजतबा खामेनेई की इस रहस्यमयी दूरी के पीछे कई कयास लगाए जा रहे हैं. वह अपने पिता के अंतिम संस्कार तक में शामिल नहीं हो सके थे. खुफिया रिपोर्टों का दावा है कि फरवरी में हुए अमरीकी हमलों में मोजतबा खुद भी गंभीर रूप से घायल हो गए थे और फिलहाल इलाज के दौर से गुजर रहे हैं. जानकारों का मानना है कि जब तक अमरीका के साथ सैन्य संघर्ष चरम पर है. मोजतबा इसी तरह अज्ञात स्थान से ही कमान संभालेंगे.

अमरीका का हमला और ट्रंप के कड़े बोल

अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान की सैन्य ताकत को पूरी तरह ध्वस्त करने का दावा किया है. ट्रंप के अनुसार, ईरान की नौसेना, वायु सेना और एयर डिफेंस सिस्टम तबाह हो चुके हैं. मोजतबा के बारे में बात करते हुए ट्रंप ने कहा कि ईरान का नया नेतृत्व भी हमले में 90 फीसदी तक खत्म हो चुका है. जॉर्डन में अमरीकी सैनिकों पर हुए हमले के जवाब में अमरीकी वायुसेना ने ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड के ठिकानों पर नए सिरे से एयरस्ट्राइक की है. जवाब में ईरान की ओर से दागी गई मिसाइलों ने इस पूरे संघर्ष को इजरायल और पड़ोसी देशों तक फैला दिया है. जिससे पूरे क्षेत्र में अनिश्चितता का माहौल है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो