ईरान में ट्रंप और नेतन्याहू के खिलाफ बड़ा प्रस्ताव! हत्या करने वाले को मिलेगा ₹560 करोड़ इनाम

ईरान की संसद में एक ऐसे प्रस्ताव पर चर्चा होने की खबर है, जिसने वैश्विक राजनीति में हलचल बढ़ा दी है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, डोनाल्ड ट्रंप और बेंजामिन नेतन्याहू की हत्या करने वाले को करोड़ों रुपये का इनाम देने की तैयारी की जा रही है.

Yogita Pandey
Edited By: Yogita Pandey

नई दिल्ली: मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच ईरान की संसद में एक ऐसा प्रस्ताव चर्चा में है, जिसने अंतरराष्ट्रीय राजनीति में हलचल मचा दी है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरानी सांसद एक ऐसे बिल पर विचार कर रहे हैं, जिसके तहत अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की हत्या करने वाले व्यक्ति को भारी इनाम दिया जा सकता है.

बताया जा रहा है कि यह प्रस्ताव फरवरी में ईरान पर हुए हमलों और ईरान के सर्वोच्च नेता अली खामेनेई की मौत के बाद सामने आया है. रिपोर्ट्स के अनुसार, ईरान इन हमलों के लिए अमेरिका और इजरायल को जिम्मेदार मान रहा है. इसी के बाद ईरानी संसद में जवाबी कार्रवाई को लेकर सख्त रुख दिखाई दे रहा है.

ट्रंप और नेतन्याहू के खिलाफ प्रस्तावित बिल

'टेलीग्राफ यूके' की रिपोर्ट के अनुसार, ईरान के राष्ट्रीय सुरक्षा आयोग के अध्यक्ष इब्राहिम अजीजी ने कहा कि सांसद "इस्लामिक गणराज्य की सैन्य और सुरक्षा बलों द्वारा जवाबी कार्रवाई" नाम से एक बिल तैयार कर रहे हैं.

रिपोर्ट में दावा किया गया है कि इस प्रस्ताव के तहत ट्रंप की हत्या करने वाले व्यक्ति को 50 मिलियन यूरो यानी करीब 560 करोड़ रुपये का इनाम देने की योजना को औपचारिक रूप दिया जा सकता है.

ट्रंप और नेतन्याहू जहन्नुम को भेजने वाले को इनाम

ज्यूइश क्रॉनिकल की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरानी संसद की राष्ट्रीय सुरक्षा समिति के उपाध्यक्ष महमूद नबावियन ने भी इस प्रस्ताव का समर्थन किया है. उन्होंने कहा कि संसद जल्द ही ऐसे प्रस्ताव पर मतदान कर सकती है, जिसमें 'जुएबाज ट्रंप और बच्चों के हत्यारे नेतन्याहू को जहन्नुम भेजने वाले' को इनाम देने की बात कही गई है.

ईरान संघर्ष के बाद बढ़ा तनाव

रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रस्तावित कानून को ईरान की ओर से पहले दिए गए बयानों और धार्मिक फतवों से कहीं ज्यादा गंभीर कदम माना जा रहा है. माना जा रहा है कि अगर यह प्रस्ताव आगे बढ़ता है तो यह केवल बयानबाजी नहीं बल्कि औपचारिक संसदीय कार्रवाई का रूप ले सकता है.

नबावियन ने यह भी चेतावनी दी कि ईरान या उसके नेतृत्व पर किसी भी तरह का हमला अमेरिका और इजरायल के खिलाफ जवाबी कार्रवाई को जन्म देगा.

पहले भी सामने आ चुकी हैं धमकियां

रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरान में पहले भी ट्रंप के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठती रही है, खासकर कासिम सुलेमानी की मौत के बाद. कुछ अभियानों द्वारा ट्रंप और नेतन्याहू को निशाना बनाने के लिए करोड़ों डॉलर जुटाने के दावे भी किए गए थे.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो