कार में सोती रह गई 4 साल की मासूम, दादा भूलकर गए घर; दम घुटने से दर्दनाक मौत
इंदौर से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां भीषण गर्मी में बंद कार में फंसने से 4 साल की मासूम बच्ची की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि बच्ची अपने दादा के साथ घूमने गई थी, लेकिन घर लौटते वक्त वह कार में ही सोती रह गई.

इंदौर: मध्य प्रदेश के इंदौर से एक दुखद और चौंकाने वाली घटना सामने आई है. भीषण गर्मी में कार में फंसने से चार साल की बच्ची की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि बच्ची अपने दादा के साथ ड्राइव पर गई थी, लेकिन घर लौटते समय वह कार की पिछली सीट पर सो गई और उसके दादा उसे उतारना भूल गए.
यह हादसा इंदौर के जूनी क्षेत्र स्थित नंदन वन कॉलोनी का बताया जा रहा है. करीब दो घंटे तक मासूम बंद कार में फंसी रही. जब परिवार को बच्ची घर में नहीं मिली तो तलाश शुरू हुई. बाद में कार के अंदर बच्ची बेसुध हालत में मिली. अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
घूमने गई थी बच्ची, लौटते वक्त कार में ही छूट गई
रिपोर्ट के मुताबिक, बेबी हाजरा अपने दादा साबिर हुसैन और परिवार के अन्य बच्चों के साथ कार से घूमने गई थी. करीब एक घंटे बाद सभी लोग वापस लौट आए. इस दौरान चार साल की मासूम कार की पिछली सीट पर सो रही थी और दादा उसे उतारना भूल गए.
दोपहर की तेज गर्मी में कार को लॉक कर दिया गया और सभी लोग घर चले गए. काफी देर तक जब बच्ची घर में नजर नहीं आई तो परिवार ने उसकी तलाश शुरू की.
बंद कार में दम घुटने से गई जान
बताया जा रहा है कि कार पूरी तरह लॉक थी और उसकी खिड़कियां भी बंद थीं. भीषण गर्मी के कारण कार के अंदर ऑक्सीजन की कमी हो गई, जिससे बच्ची बेहोश हो गई. परिवार की नजर जब बाहर खड़ी कार पर पड़ी तो अंदर का दृश्य देखकर सभी के होश उड़ गए.
मासूम बच्ची कार की पिछली सीट पर बेसुध पड़ी थी. उसे तुरंत निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना के बाद स्थानीय पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है. सोमवार को बच्ची के शव का पोस्टमार्टम कराया गया. पुलिस के अनुसार, बेबी हाजरा के पिता लोहे का कारोबार करते हैं और दादा साबिर हुसैन ट्रक वर्कशॉप चलाते हैं.
हादसे में जान गंवाने वाली बेबी हाजरा परिवार में दो भाई-बहनों में सबसे छोटी थी. इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है.


