Israel Gaza attack: इजराइल ने सोमवार को गाजा के एक अस्पताल पर हमला कर दिया. इस हमले में तीन पत्रकारों समेत करीब 15 लोगों की मौत हो गई. फिलिस्तीनी स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, सोमवार को गाजा के नासिर अस्पताल पर इजराइली हमले में तीन पत्रकारों सहित कम से कम 15 लोग मारे गए. स्थानीय अधिकारियों के हवाले से बताया कि मारे गए पत्रकारों में से एक फोटोग्राफर भी था.
मंत्रालय के हवाले से कहा गया कि नासेर अस्पताल की चौथी मंजिल पर हुए दोहरे हमले में पीड़ितों की मौत हो गई, जब बचाव दल वहां पहुंचा तो पहले हमले के कुछ ही देर बाद दूसरा मिसाइल हमला कर दिया गया. इजराइल की सेना ने हमले पर टिप्पणी का तत्काल जवाब नहीं दिया.
हालांकि इजरायल ने गाजा में हमास के खिलाफ अपने अभियान के दौरान अस्पतालों पर हुए हमलों पर आधिकारिक तौर पर कोई टिप्पणी नहीं की है, लेकिन क्षेत्र भर में कई मेडिकल सर्विस प्रभावित हुई हैं. इजरायल का कहना है कि उसने अस्पतालों के भीतर से कथित तौर पर गतिविधियां संचालित करने वाले आतंकवादियों को निशाना बनाया.
दक्षिणी गाजा के सबसे बड़े खान यूनिस नासेर अस्पताल को चिकित्सा आपूर्ति और कर्मचारियों की भारी कमी के बावजूद 22 महीनों के संघर्ष के दौरान छापे और बमबारी का सामना करना पड़ा है. स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि जून में नासिर अस्पताल पर हुए हमले में तीन लोग मारे गए और दस घायल हो गए. उस समय, इजराइली सेना ने दावा किया था कि उसने अस्पताल के भीतर स्थित एक कमांड और नियंत्रण केंद्र से सक्रिय हमास के उग्रवादियों को निशाना बनाया था.
स्वास्थ्य मंत्रालय ने रविवार को बताया कि संघर्ष में कम से कम 62,686 फिलिस्तीनी मारे गए हैं. मंत्रालय ने लड़ाकों और आम नागरिकों में कोई अंतर नहीं किया है, लेकिन अनुमान है कि इनमें से लगभग आधे महिलाएं और बच्चे थे.
आपको बता दें कि इससे पहले इजराइल ने रविवार को यमन की राजधानी सना पर बमाबारी की. इस दौरान IDF ने हूतियों के ठिकानों को निशाना बनाया और कई ऊर्जा केंद्रों को तबाह कर दिया. दरअसल, समंदर में हूतियों के हमलों से माल ढुलाई में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.
First Updated : Monday, 25 August 2025