Lawrence Bishnoi gang: कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नेटवर्क ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी मौजूदगी का दावा किया है. कनाडा में रविवार देर रात तीन अलग-अलग जगहों पर हुई फायरिंग की जिम्मेदारी बिश्नोई गैंग ने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से ली. गैंग ने स्पष्ट किया कि उनका निशाना अवैध कारोबार करने वालों पर है, साधारण मेहनत करने वाले नागरिकों पर नहीं.
बिश्नोई गैंग की ओर से पुर्तगाल में रहने वाले फतेह पुर्तगाल ने इन फायरिंग घटनाओं की जिम्मेदारी स्वीकार की. उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी साझा किया, जिसमें एक शूटर अत्याधुनिक हथियार से गोलियाँ चलाते हुए दिखाई दे रहा है. यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और इंटरनेट पर चर्चा का विषय बन गया है. गैंग ने पोस्ट में बताया कि इन हमलों का लक्ष्य उन लोगों को चेतावनी देना था, जो उनके नेटवर्क के खिलाफ अवैध गतिविधियों में लिप्त हैं.
कनाडा की पुलिस ने घटनास्थलों को तुरंत सील कर जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार, फायरिंग में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. हालांकि, पुलिस इसे संगठित अपराध से जुड़ी बड़ी साजिश के रूप में देख रही है. अधिकारियों का कहना है कि यह घटना लॉरेंस बिश्नोई गैंग की अंतरराष्ट्रीय पहुंच और उनके नेटवर्क की क्षमता को दर्शाती है.
कुछ ही दिन पहले कनाडा की सरकार ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग को आतंकी संगठन घोषित किया था. इसके बाद गैंग ने सोशल मीडिया पर अपनी सक्रियता बढ़ा दी है और अपने समर्थकों और विरोधियों दोनों को यह संदेश देने की कोशिश की कि उनका नेटवर्क मजबूत और व्यापक है.
सोशल मीडिया पर फतेह पुर्तगाल नामक व्यक्ति ने पोस्ट में उन तीन जगहों का विवरण दिया जहां फायरिंग हुई. इन जगहों के नाम और पते इस प्रकार हैं: Theshi Enterprise (1254, 110 Ave), House No. 2817 (144 St), और 13049, 76 Ave Unit No.104. उन्होंने दावा किया कि ये सभी स्थान 'नवी तेसी' नामक व्यक्ति के स्वामित्व में हैं, जिसने कथित रूप से बिश्नोई गैंग का नाम लेकर कलाकारों और अन्य लोगों से अवैध वसूली की थी.
पोस्ट में गैंग ने यह भी स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य मेहनत करने वाले नागरिकों को परेशान करना नहीं है. उन्होंने लिखा, “हम मेहनत करने वालों से दुश्मनी नहीं रखते, लेकिन जो लोग हमारे लोगों को परेशान करते हैं या गलत तरीके से पैसा वसूलते हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई करेंगे.” इसके अलावा, उन्होंने चेतावनी दी कि कोई भी गलत खबर फैलाएगा, तो इसके नुकसान की जिम्मेदारी उसी व्यक्ति की होगी.
यह घटना स्पष्ट करती है कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग अब केवल भारत में ही सक्रिय नहीं है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी मौजूदगी दर्ज करवा रहा है. कनाडा में हुई यह फायरिंग और सोशल मीडिया पर दावा गैंग के वैश्विक नेटवर्क और उनके प्रभाव की गवाही देता है.
First Updated : Monday, 06 October 2025