नेपाल में कस्टम नियमों में बड़ा बदलाव, यात्रियों को मिली बड़ी राहत

नेपाल सरकार ने कस्टम नियमों में बदलाव कर यात्रियों के निजी सामान पर कई वस्तुओं को शुल्क मुक्त कर दिया है, जिससे विदेश से लौटने वालों को राहत मिलेगी. हालांकि तय सीमा से अधिक सामान पर शुल्क लगेगा और नियम तोड़ने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

हाल ही में आलोचनाओं और विवादों का सामना करने के बाद नेपाल सरकार ने भंसार (कस्टम) नियमों में व्यापक बदलाव करते हुए यात्रियों के लिए नई शुल्क छूट व्यवस्था लागू कर दी है. नेपाल राजपत्र में प्रकाशित अधिसूचना के अनुसार ये संशोधित नियम तत्काल प्रभाव से लागू हो गए हैं, जिनका उद्देश्य विदेश से लौटने वाले नागरिकों को राहत देना और प्रक्रिया को अधिक स्पष्ट बनाना है.

व्यक्तिगत उपयोग की कई वस्तुएं शुल्क मुक्त

नई व्यवस्था के तहत व्यक्तिगत उपयोग की कई वस्तुओं को पूरी तरह से शुल्क मुक्त कर दिया गया है. अब विदेश से वापस आने वाले नेपाली नागरिक अपने इस्तेमाल किए हुए कपड़े, सामान्य घरेलू सामान, आवश्यक दवाइयां और सहायक उपकरण बिना किसी कस्टम शुल्क के ला सकेंगे. इसके अलावा सीमित मात्रा में सोना-चांदी, एक मोबाइल फोन, लैपटॉप, घड़ी और कैमरा जैसी वस्तुएं भी इस छूट के दायरे में शामिल की गई हैं, जिससे यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी.

सरकार ने विदेश में काम करने वाले नेपाली श्रमिकों को विशेष रियायत देने का भी फैसला किया है. जो श्रमिक छह महीने से अधिक समय तक विदेश में कार्यरत रहे हैं, वे अब एक अतिरिक्त मोबाइल फोन बिना शुल्क के ला सकते हैं. वहीं, जो नागरिक एक वर्ष से अधिक समय तक विदेश में कार्य कर चुके हैं और सामाजिक सुरक्षा कोष में पंजीकृत हैं, उन्हें एक टेलीविजन सेट भी बिना शुल्क लाने की अनुमति दी गई है. इस कदम को प्रवासी श्रमिकों के योगदान को सम्मान देने के रूप में देखा जा रहा है.

आवश्यक वस्तुएं नई नीति में शामिल 

खाद्य सामग्री और अन्य आवश्यक वस्तुओं को भी नई नीति में शामिल किया गया है. यात्रियों को सात किलोग्राम तक खाद्य पदार्थ लाने की छूट दी गई है. इसके साथ ही बच्चों के उपयोग के लिए प्रैम और ट्राइसाइकिल, पेशेवरों के काम आने वाले उपकरण व एक लीटर तक शराब भी शुल्क मुक्त श्रेणी में रखे गए हैं.

हालांकि, सरकार ने यह स्पष्ट किया है कि निर्धारित सीमा से अधिक सामान लाने पर कस्टम शुल्क देना अनिवार्य होगा. विदेश में छह महीने से एक वर्ष तक रहने वाले नागरिकों को 50 हजार रुपये तक के अतिरिक्त सामान पर छूट मिल सकती है, जबकि एक वर्ष से अधिक समय तक बाहर रहने वालों को एक लाख रुपये तक के सामान पर यह सुविधा उपलब्ध होगी.

सड़क मार्ग से नेपाल में प्रवेश करने वाले यात्रियों के लिए यह छूट सीमित कर दी गई है. आमतौर पर उन्हें इन रियायतों का लाभ नहीं मिलेगा, लेकिन कस्टम अधिकारी 100 रुपये तक के निजी सामान पर विवेकाधिकार के तहत छूट दे सकते हैं.

छात्रों और विदेशी नागरिकों के लिए विशेष प्रावधान

छात्रों और विदेशी नागरिकों के लिए भी विशेष प्रावधान तय किए गए हैं. भारत में अध्ययनरत नेपाली छात्रों को एक लैपटॉप या कंप्यूटर लाने और ले जाने पर कोई शुल्क नहीं देना होगा. वहीं विदेशी यात्रियों को शराब, सिगरेट, दवाइयों और खाद्य सामग्री की सीमित मात्रा पर छूट दी गई है.

सरकार ने नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी है. यदि कोई यात्री तय सीमा से अधिक सामान लाता है या नियमों का पालन नहीं करता है, तो उसका सामान जब्त किया जा सकता है और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है. इसके साथ ही पुराने सभी प्रावधानों को समाप्त कर नई व्यवस्था को पूरी तरह लागू कर दिया गया है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो