नई दिल्ली: ऑस्ट्रेलिया के सिडनी स्थित बॉन्डी बीच पर हुए भीषण गोलीकांड में बड़ा खुलासा हुआ है. यह हमला सिडनी के यहूदी समुदाय को निशाना बनाकर किया गया था, जिसमें 15 लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक बच्चा भी शामिल है, जबकि दर्जनों लोग घायल हुए हैं. अधिकारियों ने इस नरसंहार को आतंकवादी हमला करार दिया है.
जांच में सामने आया है कि गोलीबारी को अंजाम देने वाले दोनों हमलावर पिता-पुत्र थे. उनकी पहचान 24 वर्षीय नवीन अकरम और उसके 50 वर्षीय पिता साजिद अकरम के रूप में हुई है. यह जानकारी संडे मॉर्निंग हेराल्ड की रिपोर्ट में सामने आई है.
पुलिस के अनुसार, नवीन अकरम को घटनास्थल से गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां वह पुलिस निगरानी में है. उसकी हालत गंभीर लेकिन स्थिर बताई जा रही है. वहीं, उसके पिता साजिद अकरम, जो एक फल की दुकान चलाते थे, को पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में मार गिराया.
अधिकारियों का कहना है कि हमले से पहले दोनों ने अपने परिवार को बताया था कि वे जर्विस बे में वीकेंड फिशिंग ट्रिप पर जा रहे हैं. इसके बाद उन्होंने इस खूनी साजिश को अंजाम दिया.
यह हमला रविवार को उस वक्त हुआ, जब दोनों हमलावरों ने कैंपबेल परेड के पास एक पैदल पुल से अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी. उस समय बॉन्डी बीच पर स्थानीय लोग, पर्यटक और ‘चानुकाह बाय द सी’ उत्सव में शामिल लोग मौजूद थे.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अचानक तेज धमाकों की आवाजें सुनाई दीं, लोग घायल होकर गिरने लगे और समुद्र तट पर अफरा-तफरी मच गई. जान बचाने के लिए लोग इधर-उधर भागते नजर आए.
इस हमले के दौरान अहमद नाम के एक आम नागरिक ने साहस का परिचय दिया. उसने एक कार के पीछे छिपकर मौके का फायदा उठाया, हमलावर के पास पहुंचा और उससे हथियार छीन लिया. इसके बाद हमलावर को पीछे हटने पर मजबूर किया गया, जिसे बाद में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. दूसरे हमलावर साजिद अकरम को पुलिस ने मौके पर ही गोली मार दी.
पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि दोनों आरोपियों ने हाई-पावर्ड हथियार कैसे हासिल किए और क्या इस हमले में कोई और भी शामिल था. जांच के दौरान हमलावरों की गाड़ी से इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइसेज (IED) भी बरामद की गई हैं. इसके अलावा सिडनी के कई इलाकों में छापेमारी की गई, जिनमें नवीन अकरम का बॉनीरिग स्थित घर भी शामिल है.
ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने इस हमले की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इसे यहूदी विरोधी दुष्टतापूर्ण कृत्य बताया. उन्होंने कहा कि सरकार इस तरह की हिंसा को जड़ से खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है और देश के यहूदी समुदाय के साथ एकजुटता से खड़ी है.
First Updated : Monday, 15 December 2025