ईरान में भारतीयों के लिए नई एडवाइजरी, बिना अनुमति बॉर्डर पार न करें
भारतीय दूतावास, तेहरान ने ईरान में मौजूद भारतीयों को सलाह दी है कि वे बिना दूतावास की अनुमति के जमीनी सीमा पार करने की कोशिश न करें. दूतावास ने चेतावनी दी है कि बिना समन्वय सीमा पार करने पर इमिग्रेशन और सुरक्षा से जुड़ी गंभीर समस्याएं हो सकती हैं. इसलिए किसी भी यात्रा से पहले दूतावास से संपर्क करें.

ईरान में बिगड़ते सुरक्षा हालात के बीच भारतीय दूतावास, तेहरान ने वहां रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए नई एडवाइजरी जारी की है. 16 मार्च को जारी इस सलाह में दूतावास ने भारतीयों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील करते हुए कहा है कि वे बिना पूर्व अनुमति के ईरान की किसी भी जमीनी सीमा को पार करने की कोशिश न करें.
दूतावास ने क्या कहा?
दूतावास ने साफ किया है कि यदि किसी को देश से बाहर निकलने की जरूरत है तो इसके लिए पहले दूतावास से संपर्क करना और आवश्यक समन्वय करना अनिवार्य है. दूतावास के अनुसार, इससे पहले 9 मार्च को भी इसी तरह की एडवाइजरी जारी की गई थी. इसके बावजूद कुछ भारतीय नागरिक अपने स्तर पर सीमाएं पार करने का प्रयास कर रहे हैं, जो सुरक्षा और प्रशासनिक दृष्टि से जोखिम भरा हो सकता है.
अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि कोई व्यक्ति दूतावास की जानकारी के बिना जमीनी सीमा के रास्ते ईरान छोड़ने की कोशिश करता है, तो उसे इमिग्रेशन नियमों, यात्रा अनुमति और लॉजिस्टिक व्यवस्था से जुड़ी कई गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है. एडवाइजरी में यह भी कहा गया है कि अगर कोई नागरिक बिना समन्वय के ईरानी सीमा से बाहर चला जाता है, तो उस स्थिति में दूतावास उसके लिए आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने में सक्षम नहीं होगा. इसलिए भारतीय नागरिकों से कहा गया है कि वे किसी भी तरह की यात्रा या स्थान परिवर्तन से पहले दूतावास को जानकारी दें और आधिकारिक निर्देशों का पालन करें.
दूतावास ने यह भी बताया कि वह ईरान में रह रहे भारतीय समुदाय के साथ लगातार संपर्क में है. जरूरतमंद लोगों को समन्वित तरीके से सहायता प्रदान की जा रही है और हालात के अनुसार आगे की व्यवस्था भी की जा रही है. भारतीय नागरिकों से यह भी अपील की गई है कि वे केवल दूतावास के आधिकारिक चैनलों से मिलने वाली जानकारी पर भरोसा करें और अफवाहों से बचें.
हेल्पलाइन नंबर और ईमेल संपर्क जारी
आपात स्थिति को ध्यान में रखते हुए दूतावास ने कई हेल्पलाइन नंबर और ईमेल संपर्क भी जारी किए हैं, ताकि किसी भी समस्या की स्थिति में भारतीय नागरिक तुरंत सहायता प्राप्त कर सकें. नागरिकों से कहा गया है कि किसी भी तरह की परेशानी, यात्रा योजना या सुरक्षा संबंधी चिंता होने पर इन माध्यमों के जरिए दूतावास से संपर्क करें.
बताया जा रहा है कि मौजूदा हालात के कारण ईरान में अभी भी बड़ी संख्या में विदेशी नागरिक फंसे हुए हैं, जिनमें भारतीयों की भी अच्छी-खासी संख्या शामिल है. इनमें कई छात्र भी हैं जो पढ़ाई के लिए वहां रह रहे हैं। ईरान सरकार का कहना है कि कुछ लोग अनौपचारिक तरीकों से सीमाएं पार करने की कोशिश कर रहे थे. शुरू में उन्हें समझाकर वापस भेजा गया, लेकिन जब ऐसे मामलों की संख्या बढ़ने लगी तो सरकार ने विभिन्न देशों के दूतावासों से संपर्क किया. इसी प्रक्रिया के बाद भारतीय दूतावास ने अपने नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह नई एडवाइजरी जारी की है.


