49 दिनों बाद होर्मुज खुलते ही तेल-गैस की कीमतों में आई भारी गिरावट, भारत को मिलेगी बड़ी राहत

आज ईरान ने घोषणा करते हुए बताया कि 49 दिनों बाद स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को पूरी तरह खोल दिया गया है. यह खबर सामने आते ही तेल और गैस की कीमतों में भारी गिरावट दर्ज की गई है.

Sonee Srivastav

नई दिल्ली: ईरान ने शुक्रवार को बड़ी राहत की घोषणा की. 49 दिनों बाद स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को पूरी तरह खोल दिया गया है. युद्धविराम के बाकी दिनों में अब सभी कमर्शियल जहाजों की आवाजाही बिना किसी रोक-टोक के हो सकेगी. इस खबर से वैश्विक ऊर्जा बाजार में तुरंत सकारात्मक असर दिखा और तेल-गैस की कीमतें तेजी से गिर गई. 

तेल और गैस की कीमतों में भारी गिरावट

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अरागची के ऐलान के तुरंत बाद तेल की कीमतों में करीब 9-10 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई. ब्रेंट क्रूड 8.46 डॉलर टूटकर 90.93 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया. अमेरिकी WTI क्रूड 8.87 डॉलर गिरकर 85.82 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया. 

साथ ही यूरोप के बेंचमार्क गैस कॉन्ट्रैक्ट में भी 8.5 प्रतिशत की गिरावट आई. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी कहा कि ईरान के साथ युद्ध खत्म करने के लिए समझौता जल्द हो सकता है. इन सकारात्मक खबरों ने बाजार को राहत दी है.

भारत के लिए बड़ी राहत क्यों?

होर्मुज स्ट्रेट विश्व की सबसे महत्वपूर्ण ऊर्जा नाक है. दुनिया का करीब 20 प्रतिशत तेल इसी रास्ते से गुजरता है. पिछले 49 दिनों में होर्मुज बंद रहने से भारत पर काफी दबाव पड़ा था. खाड़ी देशों से आने वाले तेल और गैस के टैंकर अटक गए थे, जिससे देश में तेल-गैस की किल्लत बढ़ गई थी.

अब स्ट्रेट खुलने से तेल और गैस के टैंकर बिना रुके भारत पहुंच सकेंगे. आयात में व्यवधान खत्म होगा और पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की सप्लाई सुधरने की उम्मीद है.

भारत पर क्या होगा असर?

भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा तेल आयातक देश है. होर्मुज के खुलने से कच्चे तेल की कीमतों में आई गिरावट भारत के लिए फायदेमंद साबित होगी. 

  • पेट्रोल और डीजल की कीमतें स्थिर रहने या थोड़ी कम होने की संभावना है.
  • घरेलू गैस सिलेंडर और सीएनजी की उपलब्धता बेहतर हो सकती है.
  • आयात बिल पर कुछ राहत मिलेगी, जिससे सरकार का खर्च कम होगा.

हालांकि, कीमतों में गिरावट कितनी स्थायी रहेगी, यह ईरान-अमेरिका के बीच स्थायी शांति समझौते पर निर्भर करेगा. अगर युद्धविराम लंबा चला और होर्मुज पूरी तरह सुरक्षित रहा तो भारत को लंबे समय तक फायदा हो सकता है. 

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो