अमेरिका-ईरान के बीच युद्ध कब होगा खत्म? इन 3 रिपोर्ट्स ने किया खुलासा
ईरान और अमेरिका के बीच जारी युद्ध पूरी तरह से कब खत्म होगा, इसका इंतजार हर कोई कर रहा है. ऐसे में तीन ऐसी रिपोर्ट सामने आई हैं, जो इन सभी सवालों का जवाब लगभग साफ कर दी है.

नई दिल्ली: अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे तनाव के बाद एक अस्थायी युद्ध विराम लागू है, लेकिन इसे स्थायी बनाने की कोशिशें तेज हो गई हैं. पाकिस्तान इस प्रक्रिया में प्रमुख मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा है. पाकिस्तान के सेना प्रमुख आसिम मुनीर तेहरान में ईरानी अधिकारियों से मिल रहे हैं. वहीं पाकिस्तान के प्रधानमंत्री मिस्र, सऊदी अरब और कतर जैसे देशों के साथ मध्यस्थता के प्रस्ताव तैयार कर रहे हैं.
इसके अलावा अमेरिका और ईरान की तकनीकी टीमें संवर्धित यूरेनियम को पतला करने पर बातचीत कर रही है. यूरोपीय देश भी सक्रिय हैं और फ्रांस में 40 देशों की बैठक प्रस्तावित है, जिसमें होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलने पर चर्चा हो सकती है. इन चारों मोर्चों पर हो रही गतिविधियों के बीच सवाल यह है कि पूर्ण युद्ध विराम कब तक हो पाएगा?
शांति समझौते में 6 महीने का लग सकता है समय
ब्लूमबर्ग ने यूरोप, अरब और मध्य पूर्व के राजनयिकों के हवाले से रिपोर्ट दी है कि पूर्ण शांति समझौते में 6 महीने का समय लग सकता है. राजनयिकों का कहना है कि फिलहाल युद्ध विराम को बढ़ाया जाए और होर्मुज जलडमरूमध्य को तुरंत खोलने का प्लान बनाया जाए.
फ्रांस में प्रस्तावित बैठक में होर्मुज नाकाबंदी खत्म करने का रोडमैप तैयार किया जा सकता है. इससे वैश्विक तेल आपूर्ति बहाल हो सकेगी और खाद्य संकट का खतरा कम होगा.
जल्द खत्म हो सकता है युद्ध: ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को कहा कि ईरान के साथ बातचीत काफी आगे बढ़ गई है और युद्ध जल्द खत्म होने की उम्मीद है. ट्रंप ने संकेत दिया कि अगर समझौता होता है तो वे इस्लामाबाद जा सकते हैं, जहां पाकिस्तान में ट्रंप और ईरानी राष्ट्रपति मसूद पजेश्कियान समझौते पर हस्ताक्षर कर सकते हैं.
ट्रंप ने कहा कि ईरान समझौता चाहता है और बातें सकारात्मक दिशा में चल रही हैं. हालांकि, होर्मुज और परमाणु कार्यक्रम जैसे मुद्दे अभी भी चुनौती बने हुए हैं.
30 अप्रैल तक पूर्ण युद्ध विराम
पॉलिमार्केट पर सट्टेबाजों की राय भी दिलचस्प है. लगभग 70 प्रतिशत सट्टेबाजों का मानना है कि 30 अप्रैल तक पूर्ण युद्ध विराम हो सकता है. इन सट्टेबाजों ने पहले ईरान पर हमले को लेकर भी सही अनुमान लगाया था. हालांकि कुछ बाजारों में स्थायी शांति समझौते के लिए अप्रैल के अंत तक केवल 35-36 प्रतिशत संभावना दिख रही है, जबकि युद्ध विराम बढ़ाने या नई बैठक के लिए अप्रैल अंत तक उच्च संभावना है.


