ब्रह्मोस का जख्म अब तक नहीं भूला पाकिस्तान, एक साल बाद भी ऑपरेशन सिंदूर का डर कायम, मुनीर ने भारत को दी चेतावनी
ऑपरेशन सिंदूर में भारत के ब्रह्मोस हमलों ने पाकिस्तान को ऐसा जख्म दिया, जिसे वह अब तक नहीं भूल पाया है. कई एयरबेस तबाह हुए और दहशत इतनी गहरी बैठी कि आज भी भारत का नाम सुनते ही पाकिस्तान बौखला उठता है.

नई दिल्ली: पाकिस्तान की सेना एक बार फिर भारत के खिलाफ तीखे बयानों के जरिए अपनी ताकत दिखाने की कोशिश करती नजर आई है. पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर ने भारत को चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर भविष्य में कोई कार्रवाई की गई तो उसके दूरगामी और दर्दनाक परिणाम होंगे. उनका यह बयान भारत के ऑपरेशन सिंदूर के एक साल पूरा होने के बाद सामने आया है.
रावलपिंडी स्थित जनरल मुख्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान आसिम मुनीर ने पिछले साल मई में हुए संघर्ष को पाकिस्तान की जीत बताया. हालांकि भारत द्वारा किए गए सैन्य अभियान और ब्रह्मोस मिसाइल हमलों की चर्चा एक बार फिर इस बयान के बाद तेज हो गई है.
ऑपरेशन सिंदूर के बाद बढ़ा था तनाव
पिछले साल पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान में मौजूद आतंकी ठिकानों पर सटीक कार्रवाई की थी. इस दौरान ब्रह्मोस मिसाइलों की मदद से पाकिस्तान के कई अहम सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया था. इन हमलों के बाद पाकिस्तान की सैन्य तैयारियों और सुरक्षा ढांचे को बड़ा झटका लगा था. अब एक साल बाद भी पाकिस्तान की ओर से लगातार बयानबाजी की जा रही है, जिसे भारत के सैन्य अभियान की प्रतिक्रिया के तौर पर देखा जा रहा है.
आसिम मुनीर ने क्या कहा?
अपने संबोधन में पाकिस्तानी सेना प्रमुख ने कहा कि पाकिस्तान अपनी संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता पर किसी भी तरह का समझौता नहीं करेगा. उन्होंने कहा कि अगर भारत भविष्य में कोई कदम उठाता है तो पाकिस्तान उसका कड़ा और दर्दनाक जवाब देगा. उनके बयान को पाकिस्तान के भीतर राजनीतिक और सैन्य संदेश के तौर पर भी देखा जा रहा है.
कश्मीर मुद्दे का भी किया जिक्र
अपने भाषण के दौरान आसिम मुनीर ने कश्मीर मुद्दे को भी उठाया. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की कहानी कश्मीर के बिना अधूरी है और इस मुद्दे पर राजनीतिक तथा कूटनीतिक समर्थन जारी रहेगा. उनके बयान के बाद एक बार फिर भारत-पाकिस्तान संबंधों और सीमा पर तनाव को लेकर चर्चा तेज हो गई है.
पाक की छवि बचाने की कोशिश?
भारत के ऑपरेशन सिंदूर और ब्रह्मोस हमलों के बाद पाकिस्तान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई सवालों का सामना करना पड़ा था. ऐसे में पाकिस्तान की ओर से लगातार आ रहे बयानों को उसकी छवि बचाने की कोशिश के रूप में भी देखा जा रहा है. हालांकि दोनों देशों के बीच तनावपूर्ण माहौल के बावजूद सीमाई हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है.


