पुतिन ने ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई को दी बधाई, समर्थन का दिया भरोसा
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने मोजतबा खामेनेई को ईरान का नया सर्वोच्च नेता बनने पर बधाई दी और रूस के समर्थन का भरोसा दिया. वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने चेतावनी दी कि वॉशिंगटन की मंजूरी के बिना ईरान का नया नेता ज्यादा समय तक सत्ता में नहीं टिक पाएगा.

रूस के राष्ट्रपति पुतिन ने ईरान के नए सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई को पद संभालने पर बधाई देते हुए कहा है कि उन्हें विश्वास है कि वे अपने पिता की विरासत को सम्मान के साथ आगे बढ़ाएंगे. मोजतबा खामेनेई, ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता अली खामेनेई के के बेटे हैं, जिनकी 28 फरवरी को अमेरिकी और इजरायली हमलों में मौत हो गई थी. उनके निधन के बाद से ही मोजतबा खामेनेई को नया सर्वोच्च नेता बनाए जाने की चर्चा तेज हो गई थी. अब उन्हें इस पद के लिए चुन लिया गया है.
पुतिन ने क्या कहा?
क्रेमलिन की ओर से जारी बयान में पुतिन ने कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि मोजतबा खामेनेई अपने पिता के अधूरे कार्यों को आगे बढ़ाते हुए कठिन परिस्थितियों में ईरानी जनता को एकजुट रखने में सफल होंगे. उन्होंने यह भी कहा कि रूस ईरान के साथ अपने मजबूत संबंधों को बनाए रखने और हर परिस्थिति में तेहरान का समर्थन करने के लिए प्रतिबद्ध है.
रूसी राष्ट्रपति ने अपने संदेश में कहा कि वह तेहरान के प्रति रूस के अटूट समर्थन और ईरानी मित्रों के साथ एकजुटता की पुष्टि करना चाहते हैं. पुतिन उन वैश्विक नेताओं में शामिल हैं जिन्होंने सबसे पहले मोजतबा खामेनेई को ईरान का नया सर्वोच्च नेता बनने पर शुभकामनाएं दीं.
डोनाल्ड ट्रंप ने क्या कहा?
इस बीच अमेरिका की ओर से अलग ही बयान सामने आया है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के नए नेतृत्व को लेकर सख्त रुख दिखाया है. उन्होंने दावा किया कि ईरान का अगला नेता वही टिक पाएगा जिसे वॉशिंगटन की मंजूरी मिलेगी. ट्रंप ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर नया नेतृत्व अमेरिका की शर्तों को नहीं मानता, तो वह लंबे समय तक सत्ता में नहीं रह पाएगा.
एक इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा कि ईरान के नए नेता को अमेरिका से मंजूरी लेनी होगी, अन्यथा उनका सत्ता में बने रहना मुश्किल हो जाएगा. उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका यह सुनिश्चित करना चाहता है कि भविष्य में ऐसी स्थिति न बने, जिससे हर कुछ वर्षों में वैश्विक हालात पीछे चले जाएं.
हालांकि अमेरिकी दबाव के बावजूद पुतिन ने मोजतबा खामेनेई को खुलकर बधाई दी और रूस के समर्थन का भरोसा दिलाया. अपने संदेश में उन्होंने औपचारिक रूप से कहा कि इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान के सर्वोच्च नेता के रूप में चुने जाने पर मोजतबा खामेनेई उनकी हार्दिक बधाई स्वीकार करें. पुतिन ने यह भी दोहराया कि रूस तेहरान के साथ खड़ा रहेगा और दोनों देशों के बीच मित्रता और सहयोग पहले की तरह जारी रहेगा.


