होर्मुज में टोल वसूलने का हक हमारा, ट्रंप ने ईरान पर जीत का किया बड़ा दावा
ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिका ने ईरान पर बड़ी जीत हासिल कर ली है. इसलिए अब होर्मुज जलडमरूमध्य में टोल वसूलने का अधिकार भी अमेरिका के पास है. उन्होंने चेतावनी दी कि अगर ईरान समझौता नहीं करता, तो उसके सभी पावर प्लांट उड़ा दिए जाएंगे.

अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे तनाव के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य बंद होने से वैश्विक ऊर्जा संकट गहरा गया है. ईरान ने साफ कर दिया है कि स्थायी युद्धविराम का समझौता होने तक यह महत्वपूर्ण समुद्री रास्ता नहीं खोला जाएगा. इसी बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बड़ा और आक्रामक बयान दिया है. उन्होंने दावा किया कि ईरान युद्ध में अमेरिका की जीत हो चुकी है और ईरान पूरी तरह हार मान चुका है. ट्रंप ने यहां तक कहा कि अब होर्मुज में शुल्क लगाने का अधिकार अमेरिका के पास है.
ट्रंप का दावा
हम विजेता हैं, शुल्क लगाने का अधिकार भी हमारावाइट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ट्रंप ने कहा, हम विजेता हैं तो शुल्क लगाने का अधिकार भी हमारे पास है. उन्होंने स्पष्ट रूप से ईरान द्वारा टोल वसूलने की किसी भी संभावना को खारिज करते हुए कहा कि अब जहाजों से टोल अमेरिका ही वसूलेगा.
ईरान के पूर्व विदेश मंत्री की तीखी चेतावनी
पूर्व विदेश मंत्री ने अमेरिका को चेतावनी देते हुए डोनाल्ड ट्रंप को मूर्ख राष्ट्रपति करार दिया. उन्होंने कहा कि ट्रंप ने ईरान के इलेक्ट्रिकल इंफ्रास्ट्रक्चर पर हमला करने की बात कही है. पूर्व मंत्री ने अरब देशों के शासकों से अपील की कि वे ट्रंप को सबक सिखाएं और पूरे क्षेत्र को अंधेरे में डूबने से बचाएं. उन्होंने जोर देकर कहा कि ट्रंप खाड़ी देशों के साथ खिलवाड़ नहीं कर सकते.
ईरानी जनता खुद हमलों की मांग कर रही है – ट्रंप
ट्रंप ने दावा किया कि उन्हें कई संदेश मिले हैं जिनमें ईरान की जनता अपनी सरकार के खिलाफ और अधिक हमलों की मांग कर रही है. जब उनसे पूछा गया कि इन हमलों से आम ईरानी नागरिकों पर क्या असर पड़ेगा, तो उन्होंने कहा कि ईरानी लोग अपनी आजादी के लिए तकलीफ उठाने को तैयार हैं. ईरान के बुनियादी ढांचे को निशाना बनाने की अपनी योजना का बचाव करते हुए ट्रंप ने कहा कि उन्होंने हर फैसला बहुत सोच-समझकर लिया है. शासन परिवर्तन के सवाल पर उन्होंने साफ कहा कि ईरान के लोगों को अपनी सरकार के खिलाफ खड़ा होना चाहिए और इसके नतीजे बहुत अच्छे होंगे.
समझौता नहीं तो कोई पावर प्लांट या पुल नहीं बचेगा
ट्रंप ने अपनी पिछली धमकी को दोहराते हुए चेतावनी दी कि अगर समझौता नहीं हुआ तो ईरान को पाषाण युग में वापस भेज दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि ईरान के पास कोई पुल या पावर प्लांट नहीं बचेगा और देश पूरी तरह तबाह हो जाएगा. ट्रंप ने बताया कि 10 दिन की समय-सीमा आज खत्म हो रही थी, लेकिन उन्होंने इसे कल तक बढ़ा दिया है. नई समय-सीमा मंगलवार रात 8 बजे (भारतीय समयानुसार बुधवार सुबह 1 बजे) खत्म होगी और उसके बाद कोई रियायत नहीं दी जाएगी.
होर्मुज पर अमेरिका का नया प्रस्ताव
ट्रंप ने शर्त रखी कि उन्हें ऐसा समझौता मंजूर होगा जिसमें तेल की बिना किसी रोक-टोक आवाजाही सुनिश्चित हो. होर्मुज जलडमरूमध्य पर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा, जीत हमारी है, वे सैन्य रूप से हार चुके हैं. उन्होंने दोहराया कि अब शर्तें अमेरिका के हिसाब से तय होंगी और अमेरिका इस जंग को जीत चुका है.


