शांति वार्ता से पहले शहबाज शरीफ का मास्टरस्ट्रोक? पाकिस्तान में अचानक घटे पेट्रोल-डीजल के दाम

ईरान-अमेरिका शांति वार्ता से ठीक पहले पाकिस्तान सरकार ने पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बड़ी कटौती कर सबको चौंका दिया है. पेट्रोल की कीमत में 12 रुपये की कटौती की गई है, वहीं डीजल के दामों में बड़ी राहत देते हुए 135 रुपये की कमी की गई है.

Shraddha Mishra

इस्लामाबाद में होने जा रही अहम अंतरराष्ट्रीय वार्ता से ठीक पहले पाकिस्तान की सरकार ने आम जनता को राहत देने का बड़ा फैसला लिया है. प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के नेतृत्व में सरकार ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भारी कमी का ऐलान किया है, जिससे महंगाई से जूझ रहे लोगों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है.

सरकार के फैसले के मुताबिक, पेट्रोल की कीमत में 12 रुपये की कटौती की गई है, जिससे नया रेट 458 रुपये से घटकर 446 रुपये प्रति लीटर हो गया है. वहीं डीजल के दामों में बड़ी राहत देते हुए 135 रुपये की कमी की गई है, जिसके बाद इसकी कीमत 520 रुपये से घटकर 385 रुपये प्रति लीटर हो गई है. डीजल की कीमत में यह गिरावट आम लोगों और खासकर परिवहन क्षेत्र के लिए काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है.

कच्चे तेल की कमी से बढ़ी थी महंगाई

दरअसल, हाल ही में मिडिल ईस्ट में बढ़े तनाव के चलते तेल की आपूर्ति पर बड़ा असर पड़ा था. 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई शुरू किए जाने के बाद ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद कर दिया था. यह मार्ग दुनिया के लिए कच्चे तेल की आपूर्ति का एक प्रमुख रास्ता माना जाता है.

इस रास्ते के बंद होने से कई देशों को तेल की सप्लाई में दिक्कत हुई और इसका असर पाकिस्तान पर भी साफ दिखा. कच्चे तेल की कमी के चलते देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतें तेजी से बढ़ीं और दोनों के दाम 500 रुपये के करीब पहुंच गए. खासकर डीजल के दामों में सबसे ज्यादा उछाल देखने को मिला, जिससे ट्रांसपोर्ट और जरूरी वस्तुओं की कीमतों पर भी असर पड़ा.

आज इस्लामाबाद में होगी अहम शांति वार्ता

इसी बीच आज पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में ईरान और अमेरिका के बीच शांति वार्ता होने जा रही है. इस महत्वपूर्ण बैठक से पहले सरकार द्वारा ईंधन की कीमतों में कटौती को एक रणनीतिक कदम के तौर पर भी देखा जा रहा है. सरकार का मानना है कि कीमतों में कमी से देश की आर्थिक स्थिति को संभालने में मदद मिलेगी और महंगाई के दबाव को कुछ हद तक कम किया जा सकेगा. इसके साथ ही आम जनता और व्यापारियों को भी राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है.

शहबाज शरीफ ने खुद को दिया श्रेय

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने हाल के घटनाक्रमों को लेकर अपनी सरकार की भूमिका पर भी जोर दिया है. उन्होंने दावा किया है कि ईरान और अमेरिका के बीच संघर्ष को कम करने और सीजफायर की दिशा में पाकिस्तान की कोशिशें अहम रही हैं.

इतना ही नहीं, उन्होंने इस्लामाबाद में हो रही शांति वार्ता की मेजबानी को भी अपनी सरकार की बड़ी उपलब्धि बताया है. शहबाज शरीफ ने उम्मीद जताई है कि यह बातचीत सफल होगी और दोनों देशों के बीच स्थायी शांति का रास्ता निकलेगा. उन्होंने इसे पूरे मुस्लिम समुदाय के लिए गर्व का क्षण भी बताया.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो