आज का मौसम: कहीं चटक धूप, कहीं झमाझम बारिश! जानें अपने राज्य का हाल
देश के कई हिस्सों में मौसम ने एक बार फिर से अपना रुख बदल लिया है. जहां पिछले दिनों बारिश और ठंडी हवाओं ने लोगों को राहत प्रदान की थी, वहीं अब गर्मी धीरे-धीरे अपना असर दिखाने लगी है. उत्तर-पूर्व और पूर्वी भारत में बारिश-तूफान का दौर जारी है.

देश के कई हिस्सों में मौसम ने एक बार फिर से अपना रुख बदल लिया है. जहां पिछले दिनों बारिश और ठंडी हवाओं ने लोगों को राहत प्रदान की थी, वहीं अब गर्मी धीरे-धीरे अपना असर दिखाने लगी है. उत्तर-पूर्व और पूर्वी भारत में बारिश-तूफान का दौर जारी है, तो वहीं उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है. आइए जानते हैं 11 अप्रैल 2026 को देशभर में मौसम का क्या हाल रहने वाला है.
मौसम विभाग के अनुसार, आज कई राज्यों में धूप खिलने के साथ गर्मी बढ़ेगी, जबकि कुछ इलाकों में बादल और हल्की बारिश का सिलसिला भी जारी रहेगा. लोगों को दिन के समय लू से बचाव के उपाय करने चाहिए.
दिल्ली-NCR में खिलेगी तेज धूप
देश की राजधानी दिल्ली समेत नोएडा, गुरुग्राम और गाजियाबाद में आज आसमान साफ रहेगा. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, दोपहर में अधिकतम तापमान 36°C से 38°C के आसपास रह सकता है. सुबह और शाम को हल्की ठंडी हवाएं चलने से थोड़ी राहत मिल सकती है.
UP में आज कैसा रहेगा मौसम
उत्तर प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक मौसम मुख्य रूप से साफ बना रहेगा. दिन में तेज धूप निकलेगी और गर्म हवाएं चलने की संभावना है. अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. 15 अप्रैल तक कई जिलों में हीटवेव जैसी स्थिति बनने के आसार हैं.
पंजाब और हरियाणा में शुष्क रहेगा मौसम
पंजाब में मौसम पूरी तरह शुष्क रहने वाला है. अमृतसर और लुधियाना जैसे शहरों में तापमान 37°C के करीब पहुंच सकता है. हरियाणा में गर्मी और भी ज्यादा तीखी नजर आ रही है. दक्षिणी हिस्सों में हल्की लू जैसे हालात बनने लगे हैं.
उत्तराखंड और हिमाचल में मौसम का हाल
मैदानी इलाकों में गर्मी बढ़ रही है, लेकिन पहाड़ी क्षेत्रों में कुदरत ने मेहरबानी दिखाई है. उत्तराखंड में मौसम सुहावना बना रहेगा. यहां बादल छाए रहने और कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं, जिससे पर्यटकों को फायदा होगा. हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी या बारिश हो सकती है.
राजस्थान में गर्मी और धूल का डबल अटैक
राजस्थान में तापमान लगातार बढ़ रहा है. कई इलाकों में गर्मी के साथ धूल भरी आंधी चलने की प्रबल संभावना है. दोपहर में बाहर निकलने वालों को आंखों और चेहरे का विशेष ध्यान रखना होगा क्योंकि आंधी से विजिबिलिटी प्रभावित हो सकती है.
असम-मेघालय में बारिश और तूफान
उत्तर-पूर्व भारत में 14 अप्रैल तक मौसम सक्रिय रहने वाला है. असम और मेघालय में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. अरुणाचल प्रदेश में बिजली गिरने की आशंका है. नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी 11 अप्रैल को बारिश और तूफान का असर देखने को मिलेगा.
बंगाल में हल्की बारिश के आसार
पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में मौसम बदला हुआ रहेगा. उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 12 अप्रैल तक हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवाएं और बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है.
कहां-कहां बढ़ेगा पारा?
बारिश वाले क्षेत्रों के अलावा तापमान में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा. उत्तर-पश्चिम भारत में 16 अप्रैल तक तापमान 6-8 डिग्री तक बढ़ सकता है. मध्य भारत में 14 अप्रैल तक 3-5 डिग्री और पूर्वी भारत में 5-7 डिग्री तक बढ़ोतरी की संभावना है. गुजरात में 13 अप्रैल तक 2-4 डिग्री और महाराष्ट्र में 14 अप्रैल तक 2-3 डिग्री तक तापमान बढ़ सकता है. इसके बाद 15 और 16 अप्रैल के आसपास तापमान में ज्यादा उतार-चढ़ाव नहीं होगा.


