तेल सप्लाई पर खतरा! चीन ने ईरान से खोले रखने को कहा होर्मुज रास्ता
होर्मुज जलडमरूमध्य में तनाव के बीच चीन ने ईरान से जहाजों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने को कहा है. हमलों और नाकेबंदी से वैश्विक तेल सप्लाई प्रभावित होने की आशंका बढ़ी है.
होर्मुज जलडमरूमध्य में बढ़ते तनाव के बीच चीन ने ईरान से साफ कहा है कि इस अहम समुद्री मार्ग से जहाजों की आवाजाही बिना रुकावट जारी रहनी चाहिए. ईरान का बड़ा व्यापारिक साझेदार होने के कारण चीन इस स्थिति से चिंतित है, खासकर तब जब अमेरिका द्वारा की गई नाकेबंदी से तेल और गैस ले जाने वाले जहाजों पर असर पड़ रहा है. हालिया आंकड़ों के अनुसार, संघर्ष शुरू होने के बाद सैकड़ों जहाज इस मार्ग से गुजरे, जिनमें से कई पर अलग-अलग देशों के समुद्री क्षेत्रों में हमले भी हुए हैं. अंतरराष्ट्रीय नियमों के मुताबिक, तटीय देशों को अपने सीमित जलक्षेत्र में नियंत्रण का अधिकार होता है, लेकिन उन्हें जहाजों की आवाजाही पूरी तरह रोकने की अनुमति नहीं होती.


